एयरपोर्ट का निरीक्षण करने जा रहे पूर्व मंत्री को पुलिस ने रोका
कुशीनगर। अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कुशीनगर से उड़ान शुरू होने से पहले सियासत तेज हो गई है। अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट कुशीनगर को लाइसेंस मिलने के बाद गुरुवार को हवाईअड्डा का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री ब्रम्हाशंकर त्रिपाठी को पुलिस ने रोक दिया। पूर्व मंत्री ने पुलिस प्रशासन के इस व्यवहार की निंदा करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। ऐसे मे कहना गलत नही होगा कि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने से पहले सियासत तेज हो गई है।
काबिलेगोर है कि मंगलवार को डीजीसीए द्वारा कुशीनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय उड़ान की अनुमति मिली है। इससे क्षेत्र में खुशी की लहर है। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से नियमित उड़ान शुरू कराने को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार की तरफ से लगातार प्रयास किया जा रहा है। बीते सितम्बर माह में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के साथ एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था। पिछले दिनों श्रीलंका के राष्ट्रपति को इसके औपचारिक उद्घाटन और पहली हवाई सेवा श्रीलंका के कोलंबो एयरपोर्ट से शुरू कराने को लेकर पत्राचार भी हो चुका है। पूर्व मंत्री श्री त्रिपाठी का कहना है कि सपा शासन काल में ही 199 करोड़ रुपये एयरपोर्ट के लिए जारी हुआ था। मंत्री का कहना है कि रनवे और बाउंड्री वाल, एटीसी बिल्डिंग का कार्य हुआ था। अब उन्हें एयरपोर्ट का निरीक्षण नहीं करने दिया जा रहा है।
कुशीनगर एयरपोर्ट के डायरेक्टर एके द्विवेदी उड़ान शुरू कराने के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। डीजीसीए की टीम लाइसेंस देने से पहले एयरपोर्ट का निरीक्षण कर चुकी थी। मंगलवार को नई दिल्ली में डीजीसीए के डायरेक्टर जनरल अरुण कुमार ने कुशीनगर एयरपोर्ट के डायरेक्टर एके द्विवेदी को लाइसेंस की प्रति सौंपी। लाइसेंस मिलने के बाद कुशीनगर प्रदेश का तीसरा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बन गया है। यह देश का 87वां नागरिक एयरपोर्ट हो गया है। अब यहां से देश-विदेश के लिए उड़ान शुरू कराने का रास्ता साफ हो गया है।
