01 November, 2026 (Sunday)

‘सपा ने 1500 दंगे करवाए’, गोरखपुर से CM योगी ने साधा निशाना, किसानों के लिए किया बड़ा ऐलान

सीएम योगी ने गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा है कि चार बार के कार्यकाल में सपा ने 1500 बार दंगे करवाए। इसके अलावा उन्होंने किसानों के लिए भी बड़ा ऐलान किया है।
सीएम योगी ने गोरखपुर में कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने गोरखपुर के चौरी चौरा विधान सभा क्षेत्र में रेल उपरिगामी सेतु सहित 84 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने सपा पर चार बार की सरकार में 1500 बार दंगे करवाने के आरोप लगाए। वहीं उन्होंने साइक्लोन, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के लिए भी बड़ा ऐलान किया है। सीएम योगी ने किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए नया पैकेज लाने का ऐलान किया। उन्होंने पहले दिए गए मुआवजे को नाकाफी बताया।
‘सपा ने 1500 दंगे करवाए’
सीएम योगी ने कहा, “समाजवादी पार्टी की उपलब्धि ये है कि उसने अपनी 4 बार की सरकार में प्रदेश में 1500 दंगे करवाये। सपा ने 4 बार की सरकार में 10 लाख गुंडे पाले थे, जो हर जिले में लूट करते थे, बेटी व्यापारी के सुरक्षा के लिए खतरा थे। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 10 लाख सरकारी नौकरी दी, माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम किया है! जो भ्रष्टाचारी थे आज उन्हें परेशानी हो रही है तो सड़कों पर अराजकता पैदा करके मोदी जी के खिलाफ माहौल बना रहे हैं। ये माहौल मोदी जी के खिलाफ नहीं, गरीबों के प्रति है। ये अराजकता पैदा करने वाले किसान विरोधी हैं, महिला विरोधी हैं, ये आतंकवाद के समर्थक हैं, अलगाववाद के समर्थक हैं। हमे इन साज़िश पैदा करने वाले नक्सलवाद के समर्थकों के खिलाफ खड़ा होना पड़ेगा।” उन्होंने आगे कहा, “पहले कोई किसी भी व्यापारी को लूट लेता था, राह चलती बेटी के साथ छेड़खानी कर देता था, ये समाजवादी पार्टी का संस्कार था, ऐसे काम करते थे। हमारी सरकार में हमने कहा है बेटी को छेड़ोगे, व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाओगे तो या तो जेल होगी या जहन्नुम तीसरी जगह नहीं होगी।

‘अंधा चकाचौंध का मारा, क्या जाने इतिहास बेचारा?’
सीएम योगी ने कहा, “देश में ‘किंगमेकर’ बनने वालों द्वारा पैदा किए गए मौजूदा हालात और सड़कों पर जिस तरह की राजनीति हो रही है उसे देखते हुए रामधारी सिंह दिनकर ने कभी लिखा था: ‘अंधा चकाचौंध का मारा, क्या जाने इतिहास बेचारा?’ मुझे हैरानी होती है कि जब हम ऐतिहासिक चौरी-चौरा कांड की बात करते हैं, तो हमें याद रखना चाहिए कि अंग्रेजों ने वहां 172 देशभक्तों को फांसी की सजा सुनाई थी। कांग्रेस पार्टी अक्सर बहुत शोर मचाती है और दावा करती है कि पंडित जवाहरलाल नेहरू देश के एक बड़े पैरोकार थे। लेकिन सच क्या है? जब 4 फरवरी 1922 को ऐतिहासिक चौरी-चौरा कांड हुआ और अंग्रेजों ने 172 लोगों, जिनमें किसानों, मजदूरों और व्यापारियों को गिरफ्तार करके उन्हें मौत की सजा सुनाई, तब पंडित जवाहरलाल नेहरू कहीं नजर नहीं आए। ऐसे में, कानूनी बचाव के लिए कौन आगे आया? वे थे पंडित मदन मोहन मालवीय। उन्होंने इतनी मजबूती से पक्ष रखा कि वे इन 151 क्रांतिकारियों, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और युवाओं को फांसी के फंदे से बचाने में सफल रहे।”

हकीकत बना प्रोजेक्ट
उन्होंने आगे कहा, “याद कीजिए कि कैसे भोपा बाजार में रेलवे लाइन ने इलाके को दो हिस्सों में बांट दिया था। जब हम 4 फरवरी 2022 को वहां गए थे, तो वह जगह घंटों तक चलने वाले ट्रैफिक जाम से जूझ रही थी। दोनों तरफ भारी भीड़ और जाम था, जिससे लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया था और हर तरफ अफरा-तफरी मची थी। लेकिन तभी कमलेश पासवान ने सवाल उठाया, ‘क्या यहां एक पुल बनाया जा सकता है?’ आज मुझे खुशी है कि चौरी-चौरा शहीद स्मारक के पास, स्थानीय लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए एक बेहतरीन फ्लाईओवर बन गया है; जो प्रोजेक्ट कभी सिर्फ एक सोच थी, वह अब हकीकत बन चुकी है।”

किसानों के लिए मुआवजे का ऐलान
इस दौरान सीएम योगी ने किसानों के लिए भी बड़ी घोषणा की। सीएम योगी ने साइक्लोन, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने का ऐलान किया। योगी सरकार किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए नया पैकेज ले आएगी। सीएम योगी ने ऐलान करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार किसानों को हुए नुकसान की पूरी भरपाई करेगी। उन्होंने फसल नुकसान का आकलन कर तत्काल मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने सभी जिलाधिकारियों को सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए हैं। किसानों को राहत देने के लिए सरकार जल्द नया पैकेज लाएगी। सीएम योगी ने कहा कि अन्नदाता किसानों के साथ डबल इंजन की सरकार खड़ी है। पहले दिए गए मुआवजे को नाकाफी मानते हुए सीएम योगी ने ये बड़ी घोषणा की है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *