राष्ट्रमंडल खेलों से कुश्ती, निशानेबाजी, तीरंदाजी को बाहर किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण : अभय चौटाला
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने 2026 में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की सूची से कुश्ती, निशानेबाजी और तीरंदाजी को बाहर किए जाने के निर्णय को बेहद निराशाजनक और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है।
श्री चौटाला ने शुक्रवार को एक बयान में आरोप लगाया कि यह पूरी तरह केंद्र सरकार की विफलता है, जहां एक तरफ ‘खेलों इंडिया‘ का नारा दिया जाता है, वहीं दूसरी तरफ मुख्य खेल, जिनमें भारत सबसे ज्यादा मेडल जीतता है, उन्हीं खेलों को राष्ट्रमंडल खेलों से हटा दिया जाता है।
इनेलो के महासचिव ने कहा कि यह फैसला जी जान से तैयारी कर रहे खिलाड़ियों के लिए बहुत बड़ा झटका है। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में हरियाणा के पहलवानों और निशानेबाजों का ढंका बजता है। राष्ट्रमंडल खेलों में भी कुश्ती और निशानेबाजी में प्रदेश एवं देश के खिलाड़ियों ने भारत देश का नाम रोशन किया है। कुश्ती हरियाणा की शान है और सभी के दिलों में बसी हुई है।
उन्होंने कहा कि इनेलो राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के इस फैसले के खिलाफ पत्र लिख कर अपनी आपत्ति दर्ज करेगा और मांग करेगा कि महासंघ अपने फैसले पर पुनर्विचार करे और तुरंत तीनों खेलों को बहाल करे। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार को भी इसके लिए गंभीर प्रयास करने होंगे।
