आर्केस्ट्रा देखने गये युवक की संदिग्ध परिस्थिति मे मौत घटना की जानकारी लोगो को हुई सुबह
कुशीनगर। जनपद के पटहेरवा थाना क्षेत्र के मोगलपुरा गांव में मंगलवार को आर्केस्ट्रा देखने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। लोगों को सुबह इस घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक पटहेरवा थाना क्षेत्र के ही सिंदुरिया बुजुर्ग गांव के निवासी 30 वर्षीय ध्रुरूप कुशवाहा मंगलवार रात पड़ोस के गांव मोगलपुरा में आई बारात में आर्केस्ट्रा देखने गया था। उसके साथ गांव के कुछ अन्य युवक भी थे। सभी देर रात तक आर्केस्ट्रा देखते रहे। बताया जाता है कि आर्केस्ट्रा देखते-देखते ध्रुरूप वहीं सो गया, जबकि उसके दोस्त रात में ही घर वापस लौट आए। बुधवार की सुबह जब परिजन धुरुप की खोजबीन करने लगे तो पता चला कि वह रात को बरात में ही सो गया था। उधर, टेंट व्यवसायी अपनी कुर्सियां और अन्य सामान लेने पहुंचा तो ध्रुरुप को वहां मृत पाया। उसके शोर मचाने पर लोग पहुंचे। घटना की सूचना युवक के घरवालों और पुलिस को दी गई। पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। लोगों से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पटहेरवा एसओ अखिलेश कुमार सिंह का कहना है कि युवक की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा। क्योंकि उसके शरीर पर चोट के कहीं निशान नहीं हैं।
