कोविशील्ड की मान्यता में फंसे पेंच पर भारत और ब्रिटेन आमने-सामने, हिंदुस्तान भी उठा सकता है कदम
भारत सरकार के दबाव में ब्रिटेन ने बुधवार को कोविशील्ड वैक्सीन को अपने अपडेट अंतरराष्ट्रीय यात्रा दिशानिर्देशों में शामिल तो कर लिया लेकिन भारतीय यात्रियों को अभी भी ब्रिटेन में 10 दिन क्वारंटाइन में रहना होगा। ब्रिटिश अधिकारियों का कहना है कि मुख्य मुद्दा कोविशील्ड वैक्सीन नहीं बल्कि भारत में वैक्सीन का प्रमाणन है। इस मुद्दे को आपसी सहमति से सुलझाने के लिए दोनों देश बातचीत कर रहे हैं। नए दिशानिर्देशों के हवाले से ब्रिटिश अधिकारियों ने बताया कि ब्रिटेन आने वाले भारतीय यात्रियों को वैक्सीन नहीं लगवाने वाले यात्रियों के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। मतलब साफ है कि कोविशील्ड वैक्सीन को मान्यता देने के बावजूद ब्रिटेन ने भारत को अब भी उन देशों की सूची में शामिल नहीं किया है, जिनके वैक्सीन लगवा चुके यात्रियों को उसने कोरोना पाबंदियों से छूट दी है।
