संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर में सांसद ने किया तीसरे ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन
( सिद्धार्थनगर )। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबंद्ध संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर में शुक्रवार को तीसरे ऑक्सीजन प्लांट का सांसद जगदंबिका पाल ने फीता काटकर उद्घाटन किया। पीएम केयर फंड से स्थापित इस प्लांट से 570 एलपीएम ऑक्सीजन की सप्लाई हो सकेगी।
कोरोना संक्रमण के संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में है। बच्चों के संक्रमित होने की संभवनाओं के बीच जिला अस्पताल समेत चिन्हित सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ऑक्सीजनयुक्त वार्ड समेत अन्य विशेष वार्ड की स्थापना की जा चुकी है। ऑक्सीजन प्लांट भी स्थापित किए जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज से संबंद्ध जिला अस्पताल परिसर में अब तक 100 एलपीएम, 260 एनपीएम के अलग-अलग दो आँक्सीजन प्लांट की स्थापना हो चुकी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पीएम केयर फंड से स्थापित प्लांट का शुभारंभ सांसद जगदंबिका पाल ने किया। सांसद ने कहा कि कोरोना संक्रमण के बीते लहर में ऑक्सीजन के अभाव में असमय ही लोगों की मौत हो गई, ऐसे में संभावित तीसरी लहर में ऑक्सीजन के अभाव में कोई मरने नहीं पाएगा। प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव ने आभार जताते हुए मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। जिलाधिकारी दीपक मीणा, सदर विधायक श्यामधनी राही, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संदीप चौधरी, जिला विकास अधिकारी शेषमणि सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीना वर्मा, भाजपा नेता उपेंद्र सिंह, हास्पिटल मैनेजर डॉ. अनूप यादव, डॉ. संगीता पांडेय, डॉ. शैलेंद्र कुमार समेत डीसी पाठक, श्रीश श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।
