एडिशनल एसपी ने किया डीसीआरबी शाखा का निरीक्षण अपराधियों की वर्तमान स्थिति पर नजर रखने का दिया निर्देश
( सिद्धार्थनगर )। अर्ध वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने पुलिस कार्यालय स्थित डीसीआरबी शाखा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने त्रिनेत्र ऐप में फीड क्रिमिनल के बारे में अपडेट रहने का निर्देश दिया।
सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने पुलिस कार्यालय में स्थित डिस्ट्रिक्ट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (डीसीआरबी) शाखा का अर्ध वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण में बताया गया कि जनपद के 1842 अपराधियों का संपूर्ण डाटाबेस डोजियर में बना कर त्रिनेत्र ऐप में फीडिंग किया जा चुका है। इनमें से विगत 10 वर्षों में 50 अभियुक्त डकैती, 59 अभियुक्त लूट, 257 अभियुक्त नकाब जनी, 176 अभियुक्त वाहन चोरी की घटनाओं में तथा शेष अभियुक्त अन्य घटनाओं में प्रकाश में आए थे l इन अभियुक्तों के बारे में संपूर्ण विवरण जैसे इनका मोबाइल नंबर, आधार नंबर, परिवारिक विवरण, सह अभियुक्त, मददगार, संरक्षण दाता व जमानत कराए जाने वाले व्यक्तियों का विवरण तैयार किया गया है। एडिशनल एसपी ने इनकी प्रत्येक माह वर्तमान स्थिति पर डीसीआरबी शाखा द्वारा जानकारी रखने तथा संदिग्ध पाए जाने पर तत्काल संबंधित थाने को सूचित किए जाने हेतु निर्देशित किया। एडिशनल एसपी ने अन्य अभिलेख भी सतत अप टू डेट रखे जाने हेतु निर्देशित किया।
