सम्पूर्ण समाधान दिवस: 82 मामलों में से 19 मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण
कुशीनगर। जिले के खड्डा तहसील सभागार में जिलाधिकारी एस राज लिंगम की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में 82 मामले आये। जिसमें से 19 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को सौप दिया गया।
मंगलवार को जनता की फरियाद एवं शिकायतों की सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने ईओ नगर पंचायत खडडा के द्वारा नगर की साफ सफाई कार्यों में लापरवाही संज्ञान में आने पर कड़ी फटकार लगाई, चेतावनी के साथ कार्यों में सुधार लाने का निर्देश दिए। जन सामान्य की शिकायतों का त्वरित गति के साथ निस्तारण संभव कराने के उद्देश्य से आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 82 मामले जन सामान्य के द्वारा दी गई, जिसमें से 19 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
यहाँ जिलाधिकारी ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जन सामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार एवं शासन बहुत ही गंभीर है। अतः समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण शासन एवं सरकार की मंशा को स्पष्ट रूप से समझें और उसी के अनुरूप तहसील दिवस में जो फरियाद/शिकायतें प्राप्त होती हैं, सभी संबंधित शिकायतों का निराकरण पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय अवधि में करते हुए उसकी रिपोर्ट तहसील को तत्काल उपलब्ध करा दें, ताकि सभी शिकायतों का ब्यौरा ऑनलाइन अपलोड किया जा सके। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को यह भी स्पष्ट किया है कि प्राप्त शिकायतों में अधिकारियों के द्वारा मौके पर जाकर गुणवत्ता पूर्वक शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित कराया जाए, इस कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। जनता की शिकायतों को लेकर सभी अधिकारीगण गंभीरता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा समस्त विभागीय अधिकारियों को जिस माध्यम से भी जनता की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं उनका निराकरण तत्परता के साथ किया जाए ताकि सरकार की मंशा का लाभ आमजन को प्राप्त हो सके। जनपद के सभी तहसीलों में उपजिलाधिकारी व तहसीलदार की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
तहसील दिवस में उपस्थित मुख्य विकास अधिकारी अनुज मलिक एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों का विधिवत निरीक्षण करने हेतु रवाना किया गया ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत मालूम हो सके। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सहित तहसीलदार व लेखपालों को सरकारी भूमि के अतिक्रमण के सम्बंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी खडडा अरविंद कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनीष कुमार सिंह, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सुनहरी लाल, जिला कृषि अधिकारी प्यारेलाल, उपायुक्त उद्दोग सतीश कुमार, जिला रोजगार सहायता अधिकारी शाहनवाज आलम सहित अधि0 अभि0 जल निगम, ट्यूबवेल, सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
