गोदाम से तौलकर ही खाद्यान्न का कराएं उठानः श्रीमति सरोज सदस्य राज्य खाद्य आयोग सरोज प्रसाद ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में की बैठक
(सिद्धार्थनगर )। सदस्य राज्य खाद्य आयोग श्रीमति सरोज प्रसाद ने शनिवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक प्रथम, द्वितीय एवं नगरीय क्षेत्र तथा समस्त पूर्ति निरीक्षकों के साथ बैठक की। बैठक में राशनकार्डाें में आधार फीडिंग,सीडिंग प्रवर्तन कार्य, सतर्कता समिति के गठन, सोशल आडिट की स्थिति तथा नगरीय,ग्रामीण क्षेत्रों में ई-पाश मशीन से वितरण की स्थिति, निरस्त दुकानों पर अंतिम निर्णय लिए जाने एवं रिक्त ग्राम पंचायतों में नए कोटे की दुकान स्वयं सहायता समूह के पक्ष में नियुक्ति आदि बिंदुओं पर समीक्षा किया गया।
सदस्य महोदया द्वारा निर्देशित किया गया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पात्र व्यक्तियों का चयन कर लिया जाए। किसी भी परिस्थिति में पात्र योजना से लाभांवित होने से वंचित न रह जाए। ई-पास मशीनों से ही आधार आथेंटिकेशन के माध्यम से शत-प्रतिशत खाद्यान्न आदि वितरण कराया जाए। अपरिहार्य स्थिति में ही ओटीपी प्राक्सी के माध्यम से वितरण कराएं। जनपद में रिक्त चल रही कोटे की दुकानों को शीघ्र ही शासनादेशानुसार ग्रामसभा की खुली बैठक के माध्यम से प्रस्ताव कराकर विक्रेता का चयन कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि जिला शिकायत निवारण अधिकारी स्तर पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित व गुणवत्ता परक निस्तारण निर्धारित समय तक कर लिया जाए। जिला पूर्ति अधिकारी का कार्यभार देख रहे क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी बृजेंद्र कुमार द्वारा संज्ञान में लाया गया कि जनपद के जोगिया ब्लाक में पायलेट प्रोजेक्ट के तहत सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलेवरी के माध्यम से उचित दर विक्रेताओं को विपणन शाखा द्वारा खाद्यान्न पहुंचाया जा रहा था, जो मार्च माह से बंद है। सदस्य महोदया द्वारा डिप्टी आरएमओ को निर्देशित किया गया कि सभी ब्लाक गोदामों पर शासन द्वारा लगाए गए 5 एमटी इलेक्टृानिक कांटों पर तौलकर ही निर्गमन कराया जाए। इसके अलावा रोस्टर के अनुसार खाद्यान्न उठाने एवं निर्धारित मूल्य व मात्रा पर वितरण कराए जाने का निर्देश दिया गया। जनपद भ्रमण के दौरान शोहरतगढ तहसील के ग्राम पंचायत पल्टादेवी के कोेटेदार मुर्तजा, नौगढ़ तहसील के ग्राम पंचायत रामपुर के ईशाचरन, मुडिला खुर्द के विनय कुमार जायसवाल से प्राप्त उपभोक्ताओं की समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया गया। स्वयं सहायता समूह की कोटेदार धर्मलक्ष्मी देवी व सीमा देवी तथा ग्राम पंचायत खरगवार के स्वयं सहायता समूह की अंजलि से आवंटन, खाद्यान्न उठान एवं वितरण के संबंध में वार्ता की गई। लोगों ने अवगत कराया कि गोदाम से शत-प्रतिशत खाद्यान्न तौलकर न मिलने के कारण कार्डधारकों को निर्धारित मानक पर तौलकर वितरण करने में समस्याएं आ रही हैं। इसके लिए जिला खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि समस्त गोदामों से तौलकर ही कोटेदारों को खाद्यान्न का निर्गमन किया जाए।
