कृषि विभाग के शिविर में पात्र किसानों का हुआ सत्यापन प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना
गुरवलिया बाजार, कुशीनगर। तमकुही विकास खंड के बरवा राजापाकड़ गांव के पंचायत भवन परिसर में मंगलवार को कृषि विभाग द्वारा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में टीए मदन गोपाल गौतम व कम्यूटर आपरेटर अविनाश राय द्वारा न्याय पंचायत बरवा राजापाकड़ के विभिन्न गांवों के प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से वंचित पात्र किसानों के आधार नंबर व नाम सुधार तथा ओपेन सोर्स डाटा का सत्यापन किया गया। शिविर में करीब 143 किसानों ने अपने दस्तावेजों की जांच कराई। जिसमें से 36 पात्र किसानों के दस्तावेज में त्रुटि पाए जाने पर डाटा सुधार हेतु लिया गया। टीए ने कहा उक्त योजना के अंतर्गत जिन पात्र किसानों की किस्त नहीं आ रही वे संबंधित तकनीकी सहायक से संपर्क कर समस्या का समाधान करा लें। इस दौरान राजकिशोर सिंह, जगरनाथ यादव, विश्वनाथ, पिंटू कुमार आदि मौजूद रहे।
