04 September, 2026 (Friday)

श्रीनगर एयरपोर्ट पर पोल से टकराया विमान, नवी मुंबई से आ रही थी इंडिगो की फ्लाइट

श्रीनगर एयरपोर्ट पर एक विमान पोल से टकरा गया। यह विमान नवी मुंबई से यात्रियों को लेकर श्रीनगर पहुंचा। पार्किंग प्रक्रिया के दौरान यह हादसा हुआ। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं।
श्रीनगर: इस वक्त की बड़ी खबर जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से सामने आ रही है। यहां यात्रियों को लेकर नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंचा विमान एक पोल से टकरा गया। बताया जा रहा है कि यह हादसा एयरपोर्ट पर पार्किंग प्रक्रिया के दौरान हुआ। हादसे के समय विमान में यात्री भी सवार थे। हालांकि यात्रियों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। फिलहाल सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं घटना की वजह को लेकर अभी जांच की जा रही है। एयरपोर्ट पर अन्य विमानों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी है।

एयरपोर्ट अथॉरिटी ने एक बयान में कहा, “नवी मुंबई से श्रीनगर जाने वाली इंडिगो की फ़्लाइट 6E 225 (VT-NOG) के साथ श्रीनगर एयरपोर्ट पर बे नंबर 06 पर पार्क होते समय एक घटना हुई। यह विमान सुबह करीब 9 बजकर 2 मिनट पर पार्किंग के दौरान VDGS पोल से टकरा गया। फिलहाल सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। यात्रियों और क्रू को मैनुअल सीढ़ियों का इस्तेमाल करके सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकाला गया।”

बयान में कहा गया, “घटना की वजह और हालात की जांच तय प्रक्रियाओं के अनुसार संबंधित अधिकारियों द्वारा की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही सही वजह का पता चलेगा और अभी इस स्टेज पर वजह के बारे में कोई नतीजा नहीं निकाला जा रहा है। इस बीच, एयरपोर्ट का कामकाज सामान्य है और फ़्लाइट का आना-जाना शेड्यूल के मुताबिक जारी है। श्रीनगर एयरपोर्ट सभी यात्रियों और स्टेकहोल्डर्स के लिए सुरक्षित और बेहतर कामकाज सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *