17 सितंबर को तेलंगाना का दौरा करेंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) आगामी 17 सितंबर को तेलंगाना का दौरा करेंगे। गृह मंत्री यहां के निर्मल जिले में लिबरेशन डे के मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करेंगे। यह जानकारी अदिलाबाद (Adilabad) से भाजपा सांसद सोयम बापू राव ( Soyam Bapu Rao) ने दी। राव ने कहा कि AIMIM पार्टी के दबाव में पहले तेलंगाना सरकार यह समारोह नहीं मना पाती थी। सांसद ने आगे कहा, ‘भाजपा ने सरकार के सामने कई बार लिबरेशन डे के तौर पर 17 सितंबर को मनाने की मांग की क्योंकि निजाम के शासन से तेलंगाना को आजादी मिली थी।’
निजाम और रजाकार के खिलाफ कुर्बानी देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों की याद में अदिलाबाद के पास जिला मुख्यालय शहर निर्मल में सभा आयोजित होगी। देश भले ही 15 अगस्त 1947 को आजाद हुआ लेकिन पूर्ववर्ती हैदराबाद रियासत (निजाम के शासन में) का भारत में 17 सितंबर 1948 को विलय हुआ
बता दें कि हाल में ही तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने नई दिल्ली का पांच दिनों का दौरा किया और अमित शाह से मुलाकात भी की। गृहमंत्री से अधिक जिलों के सृजन के मद्देनजर राज्य के लिए भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) के अधिकारियों की संख्या बढ़ाने और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क कार्यो के लिए पूरी वित्तीय सहायता का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी के पांच दिवसीय दौरे पर आए राव ने लगभग 45 मिनट तक शाह से मुलाकात की और राज्य में आइपीएस काडर की संख्या 139 से बढ़ाकर 195 करने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने नक्सल प्रभावित जिलों में सड़क निर्माण कार्यो के लिए पूर्ण वित्तीय सहयोग का भी अनुरोध किया। बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने कल्याण और विकास कार्यक्रमों के बेहतर संचालन के वास्ते एक नए राज्य के गठन के दो साल बाद 33 जिलों का पुनर्गठन और निर्माण किया है। उन्होंने कहा कि पुनर्गठित जिलों को केंद्र सरकार द्वारा मान्यता दी गई है।
