19 September, 2026 (Saturday)

नवजात शिशुओं को तमिलनाडु के CM विजय देने जा रहे 1 ग्राम की सोने की अंगूठी; इस तारीख से शुरू होगी योजना

तमिलनाडु सरकार नवजात शिशुओं के लिए 1 ग्राम सोने की अंगूठी की स्कीम लाने जा रही है। इसके तहत सरकारी अस्पतालों में पैदा हुआ बच्चों को सोने की अंगूठी दी जाएगी।
तमिलनाडु के सीएम सी. जोसेफ विजय आगामी 28 सितंबर को नवजात शिशुओं के लिए 1 ग्राम सोने की अंगूठी की स्कीम की शुरुआत करेंगे। तमिलनाडु सरकार ने आज (शुक्रवार को) यह ऐलान किया है। इस स्कीम के तहत पहले फेज में बांटने के लिए सोने की 1.28 लाख अंगूठियां खरीदी गई हैं। यह तोहफा सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले सभी बच्चों को दिया जाएगा।

सोने की अंगूठी पर सीरियल नंबर भी होगा
सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक, सोने की अंगूठी पर एक खास सीरियल नंबर होगा। इस स्कीम का फायदा उठाने के लिए लाभार्थियों का तमिलनाडु का स्थायी निवासी होना जरूरी है।

घोषणापत्र में विजय की पार्टी ने किया था वादा
गौरतलब है कि तमिलनाडु चुनाव 2026 से पहले जारी किए गए घोषणापत्र में कई बड़े वादे किए थे। उनमें नवजात बच्चों के लिए 1 ग्राम सोने की अंगूठी की स्कीम भी थी। अब जब विजय, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन गए हैं तो वह अपने वादे पूरे करने पर काम कर रहे हैं।

थाई मामन गोल्ड रिंग स्कीम क्या है?
घोषणा पत्र में TVK ने इस स्कीम का नाम “थाई मामन गोल्ड रिंग स्कीम” बताया था। तब घोषणापत्र में लिखा गया था कि तमिलनाडु में हर बच्चे के जन्म का जश्न मनाएंगे। इस योजना के अंतर्गत, हर नवजात शिशु को तमिलनाडु सरकार के आशीर्वाद के रूप में सोने की अंगूठी मिलेगी। साथ ही, एक “बेबी वेलकम किट” भी दी जाएगी, जिसमें जरूरी चीजें होंगी जैसे कि न्यूट्रिशनल सप्लीमेंट्स, अच्छे क्वालिटी के बेबी सोप, बच्चों के कपड़े, बेबी ऑयल, बेबी पाउडर, खिलौने, नैपकिन, मच्छरदानी और डायपर।

शादी पर 8 ग्राम सोना देने का भी वादा
इतना ही नहीं, TVK ने अपने घोषणापत्र में सोना देने से जुड़ा एक और वादा भी किया था। घोषणापत्र में कहा गया था कि हमारी बहनों की शादी के लिए, दुल्हन के परिवार की तरफ से भाई के तोहफे के रूप में 8 ग्राम सोना और अच्छी क्वालिटी की सिल्क साड़ी भी दी जाएगी। तमिलगा वेट्री कझगम को शादी के इस खुशी के मौके का पार्ट बनने और सहयोग करने पर गर्व होगा। इससे पहले, विजय सरकार का एक और फैसला चर्चा में रहा जब उन्होंने तमिलनाडु के मंदिरों में स्मार्टफोन लेकर जाने पर पाबंदी लगा दी थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *