सड़क पर रेत बजरी फैलाने वालों पर लगाया जुर्माना
सहारनपुर। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने बुधवार को ट्रंास्पोर्ट नगर में अनेक ट्रकों की जांच की तथा एक ट्रांस्पोर्ट पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पाॅलीथिन बरामद किया और भारी जुर्माना लगाया। इसके अतिरिक्त नुमाईश कैंप में रेत बजरी का व्यापार करने वाले से भी सड़क पर अतिक्रमण करने के आरोप में जुर्माना वसूला गया।
नगरायुक्त के निर्देश पर नगर निगम के प्रवर्तन दल ने बुधवार को शहर के ट्रांस्पोर्ट नगर में प्रतिबंधित पाॅलीथिन की तलाश में अनेक ट्रकों की जांच की, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। बाद में राकेश सिनेमा के पास एक ट्रांस्पोर्ट पर छापा मारा तो वहां भारी मात्रा में प्रतिबंधित पाॅलीथिन बोरो में भरा पाया गया। प्रवर्तन दल ने पाॅलीथिन को बरामद कर ट्रांस्पोर्ट पर दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
इसके अतिरिक्त अतिक्रमण करने वालों पर भी कार्रवाई की गयी। नगर मजिस्ट्रेट सुरेश सोनी के नेतृत्व में नुमाईश कैंप पुलिया के पास रेत बजरी का व्यापार करने वालों पर कार्रवाई की गयी। व्यापारियों द्वारा सड़क पर रेत बजरी फैलाकर अतिक्रमण किया गया था। व्यापारी को नगर मजिस्ट्रेट द्वारा जबरदस्त फटकार लगाते हुए उस पर नौ हजार का जुर्माना लगाया गया। इस कार्रवाई के दौरान सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी व उनकी टीम के सदस्य तथा नायब तहसील दार भी मौजूद रहे।
