विराट कोहली आज खेलेंगे या रहेंगे बाहर! आरसीबी के पास टेबल टॉप करने का मौका
विराट कोहली की फिटनेस का ताजा हाल क्या है। क्या आज आरसीबी और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले में कोहली खेल पाएंगे या फिर वे मिस करेंगे। ये इस रिपोर्ट में पढ़िए। साथ ही ये भी जानिए कि आज का मैच जीतते ही रॉयल चैलेजर्स बेंगलुरु की टीम प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर कैसे पहुंच जाएगी
विराट कोहली लेकर इस वक्त सस्पेंस गहराया हुआ है। आरसीबी यानी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम आज फिर से आईपीएल के लिए मैदान में उतरेगी। आरसीबी और एलएसजी के बीच ये मुकाबला शाम साढ़े सात बजे से बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले पिछले मुकाबले में विराट कोहली बल्लेबाजी के लिए तो आए, लेकिन उन्होंने काफी धीमी बल्लेबाजी की, लेकिन जब टीम फील्डिंग कर रही थी, तब वे नहीं आए। इसके बाद इस बात को लेकर रहस्य गहरा गया है कि क्या विराट कोहली आज का मैच खेलेंगे या फिर बाहर रहेंगे।
MI vs RCB: मुंबई के खिलाफ मुकाबले में बाहर हो गए थे विराट कोहली
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम के लिए आईपीएल का आज का मैच अहम है। टीम के पास मौका है कि वो अंक तालिका में पहले नंबर की कुर्सी पर कब्जा करे, लेकिन इसके लिए विराट कोहली का खेलना जरूरी है। वे इस वक्त जबरदस्त फार्म में हैं। इससे पहले जब मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आरसीबी और मुंबई इंडियंस का मैच खेला गया था, तब कोहली ने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन टखने की चोट के कारण उन्हें बाहर जाना पड़ा था।
Virat Kohli Injury Update: कोहली ने लिया टीम के ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा, लेकिन पैर पर बंधी थी पट्टी
इस बीच खबर आई है कि विराट कोहली ने टीम के ट्रेनिंग सेशल में हिस्सा लिया है। टीम के साथ प्रैक्टिस की और उसी तरह हंसी मजाक करते हुए नजर आए, जिसके लिए वे जाने जाते हैं। हालांकि इस दौरान वे बाएं घुटने पर पट्टी बांधे हुए नजर आए। इससे पता चलता है कि कोहली की चोट या तो पूरी तरह से ठीक नहीं हुई है या फि ऐहतियातन उन्होंने ये काम किया है।
केन विलियमसन और ऋषभ पंत से मिले कोहली
विराट कोहली अपने साथी क्रिकेटर केन विलियमसन के साथ भी बात करते हुए नजर आए, जो इस वक्त एलएसजी के साथ जुड़े हुए हैं। एलएसजी की ओर से एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें वे गप्पें लड़ाते हुए देखा गया। इतना ही नहीं, कोहली ने एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत के साथ भी बातचीत की। अब ये तो पक्के तौर पर शाम को ही पता चलेगा कि विराट कोहली आज का मैच एलएसजी के खिलाफ खेलेंगे कि नहीं। इसके लिए सात बजे का इंतजार करना होगा, जब कप्तान रजत पाटीदार टॉस के लिए मैदान पर आएंगे।
Virat Kohli Performance: इस सीजन अब तक ऐसा रहा है किंग कोहली का रिपोर्ट कार्ड
कोहली ने इस साल के आईपीएल में अब तक 4 मैच खेलकर 179 रन बनाए हैं। उन्होंने 59.67 के औसत और 162.73 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। उनके बल्ले से अब तक 19 चौके और सात छक्के आए हैं। बात अगर पिछले मैच की करें तो मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्होंने 50 रन की धीमी, लेकिन अच्छी पारी खेली। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ भी उन्होंने नाबाद 69 रन बनाए थे।
RCB vs LSG: आज जीती तो Points Table में नंबर-1 बन जाएगी बेंगलुरु
इस बीच एक और बात ध्यान रखने लायक है। आरसीबी की टीम अंक तालिका में नंबर तीन पर है, लेकिन आज उसके पास टॉप पर आने का मौका है। आरसीबी ने चार मैच खेलकर उसमें से तीन जीते हैं और एक में हार मिली है। यानी टीम के पास छह अंक हैं। अगर आज का मैच टीम जीत जाती है तो उसके भी आठ अंक हो जाएंगे। राजस्थान रॉयल्स के भी आठ अंक हैं, लेकिन आरसीबी का नेट रन रेट अभी भी राजस्थान से अच्छा है, ऐसे में जीत दर्ज करते ही आरसीबी की टीम टॉप पर चली जाएगी।
