05 June, 2026 (Friday)

मुंबई इंडियंस कहीं इसलिए तो नहीं हारी, कुंद पड़ी धार, चार मैच में शून्य विकेट

मुंबई इंडियंस का हाल खराब है। इस सीजन का पहला मैच जीतने के बाद टीम लगातार अपने तीन मैच हार गई है और अब तक उसके पास दो ही अंक हैं। जसप्रीत बुमराह को चार मैचों में कोई सफलता नहीं मिली है।
मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल के इस सीजन का पहला मैच जीत गई थी, लेकिन इसके बाद टीम को लगातार तीन मैचों में हार का मुंह देखना पड़ा है। चार में से टीम एक ही मैच जीत पाई है। इस बीच पांच बार की चैंपियन टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं, जोकि लाजिमी भी है। इतना ही नहीं, मुंबई इंडियंस का सबसे धाकड़ तेज गेंदबाज भी कुछ नहीं कर पा रहा है। चार मैचों में पूरे ओवर करने के बाद भी अभी तक उसे एक भी विकेट नहीं मिला है। हम बात कर रहे हैं जसप्रीत बुमराह की, जिनकी धार अब कुंद पड़ती हुई नजर आ रही है।
अब तक ऐसा रहा है मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन
हार्दिक पांड्या की कप्तानी में उतरी मुंबई इंडियंस ने इस साल अपना पहला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेला था। जिसमें उसे 6 विकेट से जीत मिली थी। यही अब तक टीम की एक जीत है। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई को छह विकेट से पटकनी दी। राजस्थान रॉयल्स ने भी उसे 27 रन से हरा दिया। इसके बाद आरसीबी ने 18 रन से करीबी मात दी। टीम के पास केवल दो अंक हैं और अंक तालिका में टीम आठवें नंबर पर संघर्ष कर रही है।

जसप्रीत बुमराह को चार मैचों में नहीं मिला एक भी विकेट
इस बीच अगर जसप्रीत बुमराह के प्रदर्शन की बात की जाए तो वे उस तरह का नहीं है, जैसी उनसे टीम उम्मीद कर रही होगी। पहले मैच में केकेआर के खिलाफ बुमराह ने 35 रन दिए और विकेट कोई नहीं मिला। दिल्ली के खिलाफ बुमराह ने 21 रन खर्च किए और खाता खाली रहा। राजस्थान के खिलाफ बुमराह ने 32 रन खर्च दिए, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। आरसीबी के खिलाफ बुमराह ने 35 रन दिए, लेकिन विकेट वे यहां भी नहीं ले पाए। ये अपने आप में चौंकाता है कि लगातार चार मैच में बुमराह का खाता विकेट के मामले में खाली है।

छह साल से खिताब नहीं जीत पाई है मुंबई की टीम
मुंबई इंडियंस ने साल 2020 में आखिरी बार आईपीएल का खिताब जीता था, उसके बाद से लगातार टीम आईपीएल की ट्रॉफी से दूर रह जा रही है। इस बार भी टीम जिस तरह का खेल दिखा रही है और अंक तालिका में जहां खड़ी है, उससे नहीं लगता कि टीम टॉप 4 में अपनी जगह पक्की कर पाएगी। हां, अगर अचानक से टीम जीत के रथ पर सवार होकर आगे बढ़ने लग जाए तो बात अलग है। लेकिन अभी तक तो इस तरह की कोई भी संभावना नजर नहीं आती। टीम का खेल अच्छा नहीं है, जो उसके लिए चिंता का विषय है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *