07 March, 2026 (Saturday)

Union Budget 2026: सस्ती होंगी कारें या सिर्फ EV को मिलेगा फायदा? ऑटो सेक्टर को बजट से क्या उम्मीद

बजट 2026 और GST 2.0 सुधारों के बाद कार खरीदारों के लिए राहत के संकेत हैं. छोटी कारों पर टैक्स घटने से कीमतें 10-12% तक कम हो सकती हैं, वहीं EV और लोकल मैन्युफैक्चरिंग को भी फायदा मिलने की उम्मीद है. लेकिन क्या लग्जरी कारें सस्ती होंगी? पूरी तस्वीर यहां जानिए.

Union Budget 2026: आज 1 फरवरी को फाइनेंस मिनिस्टर निर्मला सीतारमण अपना 9वां केंद्रीय बजट पेश कर रही हैं. हर साल की तरह इस बार भी बजट से टैक्स, छूट और कस्टम ड्यूटी से जुड़े बड़े ऐलान की उम्मीद है, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ता है. ऐसे में गाड़ी को लेकर लोगों में यह सवाल है कि बजट के बाद कारें सस्ती होंगी या महंगी. माना जा रहा है कि बजट का सीधा फायदा आम कार खरीदारों को मिल सकता है. खासकर छोटी कारों और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतों में कटौती की संभावना जताई जा रही है, जबकि लग्जरी कारों के दाम लगभग जस के तस रह सकते हैं.

छोटी कारों पर टैक्स घटने का असर
4 मीटर से कम लंबाई वाली पेट्रोल और डीजल कारों पर जीएसटी 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है. इस बदलाव का असर कीमतों पर साफ दिख सकता है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि इससे छोटी कारों के दाम करीब 10 से 12 प्रतिशत तक कम हो सकते हैं, जिससे पहली बार कार खरीदने वालों को राहत मिलेगी.

EVs के लिए अच्छी खबर

इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर भी बजट और GST 2.0 से राहत की उम्मीद है. बैटरी बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल पर कस्टम ड्यूटी कम किए जाने की संभावना है. अगर ऐसा होता है, तो ईवी की मैन्युफैक्चरिंग कॉस्ट घटेगी और इसका सीधा फायदा ग्राहकों तक पहुंचेगा.

लग्जरी कारों की कीमतों में बड़ा बदलाव नहीं

जहां एक तरफ छोटी और मिड साइज कारों के सस्ते होने की उम्मीद है, वहीं बड़ी और लग्जरी कारों की कीमतों में ज्यादा बदलाव की संभावना कम है. इन पर फिलहाल 40 प्रतिशत की जीएसटी दर लागू है, जो आगे भी जारी रहने की उम्मीद है.

लोकल मैन्युफैक्चरिंग से मिल सकता है फायदा

भारत में बने पुर्जों का इस्तेमाल बढ़ने से कारों की लागत कम हो सकती है. लोकल मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलने से कंपनियां कीमतें घटा सकती हैं, जिसका असर धीरे धीरे बाजार में देखने को मिलेगा.

खरीदारों के लिए क्या है नतीजा

कुल मिलाकर बजट 2026 और GST 2.0 के बाद छोटे और मध्यम सेगमेंट की कारें ग्राहकों के लिए ज्यादा सस्ती हो सकती हैं. वहीं, लग्जरी कारों की कीमतों में फिलहाल स्थिरता बने रहने की उम्मीद है. ऐसे में आने वाले महीनों में आम खरीदारों के लिए कार खरीदना थोड़ा आसान हो सकता है.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed