कसौली में बेवफा पत्नी ने किया कांड, प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारा, झाड़ियों में फेंका शव
कसौली में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मार डाला। इसके बाद पति के शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
कसौली: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली विधानसभा क्षेत्र की बोहली पंचायत के जोहड़ पटियाला गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक नेपाली मूल के व्यक्ति की कथित तौर पर उसकी पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले की गहन जांच जारी है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात मृतक के घर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद बढ़ने पर महिला और उसके कथित प्रेमी ने व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोप है कि हत्या को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की और घर से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में फेंक दिया। रविवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमयू अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक का सामने आया बयान
पुलिस अधीक्षक सोलन टी.एस.डी. वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि महिला कुछ समय पूर्व नेपाल चली गई थी और बाद में वापस लौट आई थी। दंपती की एक छोटी बेटी भी है।
जांच में यह भी सामने आया है कि कथित प्रेम संबंध विवाद का प्रमुख कारण हो सकता है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच और आरोपियों से पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।
इस सनसनीखेज घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है, ताकि इस हत्याकांड से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जा सके।
