जीजा की हत्या कर फरार हो गया था साला, पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान गोली मारकर किया गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में अपने साथियों के साथ मिलकर जीजा की गोली मारकर हत्या करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एनकाउंटर में उसको और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में पुलिस को उस समय एक बड़ी सफलता मिली जब उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर जीजा की हत्या कर फरार चल रहे आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इस एनकाउंटर में यूपी पुलिस ने दो 25-25 हजार के इनामी बदमाशों को पकड़ा। बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में यूपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल भी हो गया जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रतापगढ़ के गजराही पुलिया के पास पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हुआ जहां पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी जिसके बाद एक बदमाश पैर में गोली लगने से जहां घायल हो गया तो वहीं दूसरे को पुलिस ने पकड़ लिया।
दो दिन पहले साथियों के साथ मिलकर की थी जीजा की हत्या
प्रतापगढ़ में दो दिन पहले राजू सिंह नाम के एक युवक की उसके साले और उनके साथियों ने मिलकर गोली मार कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को जहां पहले ही पकड़कर जेल भेज दिया था तो वहीं 2 अन्य आरोपी फरार चल रहे थे जिनके ऊपर 25-25 हजार का इनाम भी चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर जेठवारा थाना क्षेत्र की पुलिस और स्वाट टीम ने गजराही पुलिया के पास इन दोनों बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में जवाबी फायरिंग में चंदेश उर्फ पिंटू वर्मा के पैर में गोली मारकर जहां उसे घायल कर दिया। वहीं उसका साथी और 25 हजार रुपये का दूसरा इनामी बदमाश तेज बहादुर उर्फ तेजे भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। घायल बदमाश को जहां पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया तो वहीं इन बदमाशों के पास से उन्हें एक अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
अंतरजातीय विवाह से नाराज था साला
पुलिस अधिकारियों के अनुसार राजू सिंह जिसकी उसके साले ने गोली मारकर हत्या कर दी वह अंतरजातीय विवाह से नाराज था जिसके चलते उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उनकी हत्या कर दी। अब पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में जुट गई है।
