26 March, 2026 (Thursday)

एक साल पहले आया ट्रेलर, लेकिन लटक गई राजकुमार राव की मूवी, अब OTT पर होगी तगड़ी एंट्री, सामने आई रिलीज डेट

राजकुमार राव की जो फिल्म पहले सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी अब ओटीटी पर धमाका करने के लिए तैयार है। एक साल से लटकी फिल्म को आखिरकार रिलीज डेट मिल गई है, जानें कब और कहां रिलीज हो रही है।
राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा की फिल्म ‘टोस्टर’ लंबे समय से लटकी हुई थी। एक साल पहले आई इसकी झलक के बाद अब आखिरकार अपनी रिलीज के लिए ये फिल्म तैयार है। लंबे इंतजार के बाद नेटफ्लिक्स ने इसकी आधिकारिक रिलीज की घोषणा कर दी है, जिससे प्रशंसकों में उत्साह की लहर दौड़ गई है। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी, लेकिन अब ओटीटी पर ही मेकर्स इसे रिलीज कर रहे हैं। फिल्म की प्रोड्यूसर कोई और नहीं बल्कि राजकुमार राव की पत्नी पत्रलेखा हैं और वो इस फिल्म के जरिए प्रोडक्शन की दुनिया में अपने पैर जमाने जा रही हैं।

कब और कहां देखें ‘टोस्टर’?
‘टोस्टर’ का ट्रेलर लगभग एक साल पहले रिलीज किया गया था, जिसके बाद फिल्म को लेकर कोई बड़ी अपडेट सामने नहीं आई थी। इस लंबी खामोशी ने प्रशंसकों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए थे और सोशल मीडिया पर यह चर्चा होने लगी थी कि क्या यह फिल्म कभी रिलीज भी होगी? लेकिन फरवरी 2026 में नेटफ्लिक्स ने अपने आगामी प्रोजेक्ट्स की सूची जारी की, जिसमें ‘टोस्टर’ का नाम शामिल कर इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया गया। यह फिल्म 15 अप्रैल को सीधे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने के लिए तैयार है। फिल्म की रिलीज डेट के साथ एक खास अनाउंसमेंट वीडियो भी साझा किया गया है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। डार्क कॉमेडी जॉनर की इस फिल्म को विवेक दास चौधरी ने निर्देशित किया है।
एक अनोखी और उलझी हुई कहानी
अक्सर शादियों में मिले तोहफे एक समय के बाद भुला दिए जाते हैं या अलमारियों के किसी कोने में धूल फांकते रह जाते हैं, लेकिन ‘टोस्टर’ की कहानी इस साधारण से रिवाज को एक अजीबोगरीब मोड़ देती है। फिल्म की पूरी कहानी एक घरेलू उपकरण यानी ‘टोस्टर’ के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी तब शुरू होती है जब एक शादी टूट जाती है, लेकिन तोहफे में दिया गया वह टोस्टर पीछा नहीं छोड़ता, जो शुरुआत में एक छोटी सी सनक लगती है, वह धीरे-धीरे एक अराजक स्थिति में बदल जाती है, जिसमें कई लोग फंसते चले जाते हैं। यह फिल्म दिखाती है कि कैसे एक साधारण सी चीज किसी की जिंदगी को पूरी तरह से पटरी से उतार सकती है।

निर्माता के रूप में पत्रलेखा की नई पारी
यह फिल्म राजकुमार राव की पत्नी और अभिनेत्री पत्रलेखा के लिए भी बेहद खास है। ‘टोस्टर’ के जरिए उन्होंने प्रोडक्शन के क्षेत्र में कदम रखा है। ‘काम्पा फिल्म’ के तहत यह उनकी पहली फिल्म है। अपनी इस नई यात्रा पर खुशी जाहिर करते हुए पत्रलेखा ने कहा कि नेटफ्लिक्स के साथ इस सफर की शुरुआत करना उनके लिए एक मील का पत्थर है। उन्होंने बताया कि इस कहानी की विशिष्टता और इसका अनकन्वेंशनल होना ही इसकी सबसे बड़ी खूबी है। पत्रलेखा के मुताबिक, ‘यह फिल्म उन जगहों पर हास्य ढूंढती है जहां कोई उम्मीद नहीं करता।’

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *