IND vs SL कोलंबो टेस्ट के दूसरे दिन एक्शन में टीम इंडिया, सारांश जैन सस्ते में लौटे पवेलियन
भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। पहले दिन भारत की ओर से देवदत्त पडिक्कल ने शानदार शतक जड़ा।
देवदत्त पडिक्कल ने गॉल टेस्ट में शानदार प्रदर्शन के बाद कोलंबो में भी उन्होंने अपने बल्ले की चमक बरकरार रखी। दूसरे टेस्ट के पहले दिन पडिक्कल ने एक और शतक जड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 5 विकेट पर 300 रन बना लिए थे और इसमें पडिक्कल की 117 रन की शानदार पारी का बड़ा योगदान रहा। दिन का खेल खत्म होने पर सारांश जैन और ध्रुव जुरेल नाबाद लौटे।
पडिक्कल की पारी हालांकि किस्मत के साथ शुरू हुई। वह खाता भी नहीं खोल पाए थे कि सोनल दिनुषा ने बैकवर्ड प्वाइंट पर उनका आसान कैच छोड़ दिया। इसके बाद जब पडिक्कल सिर्फ दो रन पर थे, तब श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने स्लिप में उनका कैच पकड़ने का मौका गंवा दिया। इन जीवनदानों का भारतीय बल्लेबाज ने पूरा फायदा उठाया और धीरे-धीरे पारी को बड़े स्कोर में बदल दिया।
पडिक्कल ने कप्तान शुभमन गिल के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 120 रन की अहम साझेदारी की। दोनों ने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और भारत को शुरुआती झटकों से उबारा। हालांकि ऑफ स्पिनर केशरा नुवंथा ने पडिक्कल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। पडिक्कल ने अपनी पारी में 117 रन बनाए और एक बार फिर श्रीलंका के खिलाफ खुद को साबित किया।
भारत के लिए पहला दिन पूरी तरह आसान नहीं रहा। श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 46 रन देकर तीन विकेट झटके। फर्नांडो ने पहले यशस्वी जायसवाल को 43 रन पर पवेलियन भेजा और बाद में शुभमन गिल तथा रवींद्र जडेजा के विकेट भी अपने नाम किए। इस बीच ऋषभ पंत को भी चोट के कारण मैदान छोड़ना पड़ा। लाहिरू कुमारा की गेंद पर पुल शॉट खेलने की कोशिश के दौरान गेंद उनके बाएं हाथ के पर लगी। चोट के बाद पंत रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। दिन का खेल समाप्त होने तक भारत 300/5 के स्कोर पर था और टीम की नजर अब पहली पारी को बड़े स्कोर में बदलने पर होगी।
