राज्य के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ आज बैठक करेंगे मनसुख मांडविया, COVID-19 टीकाकरण अभियान को तेज करने पर चर्चा संभव
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया बुधवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्रियों से मुलाकात करेंगे और देश में कोविड-19 टीकाकरण अभियान को तेज करने पर चर्चा करेंगे। समाचार एजेंसी एएनआइ ने बताया कि देश भर में COVID-19 वैक्सीन देने के काम को बढ़ाने के लिए बैठक बुलाई गई है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के साथ मांडविया की बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि केंद्र सरकार द्वारा 23 अक्टूबर को राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों के साथ COVID टीकाकरण की स्थिति और प्रगति की समीक्षा की थी। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के स्वास्थ्य सचिवों और मिशन निदेशकों के साथ COVID टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की और उनसे COVID टीकों की दूसरी खुराक की गति और कवरेज बढ़ाने का आग्रह किया।
वह समीक्षा और आज होने वाली बैठक 21 अक्टूबर, 2021 को देश में 100 करोड़ खुराक देने के एक बड़े आंकड़े को हासिल करने के बाद हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, भारत का COVID-19 टीकाकरण कवरेज 103 करोड़ को पार कर गया है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने अपनी विज्ञप्ति में कहा, ‘भारत का COVID-19 टीकाकरण कवरेज 103 करोड़ मील के पत्थर (1,03,48,36,594) को पार कर गया है। 26 अक्टूबर को शाम 7 बजे तक 51 लाख (51,56,054) से अधिक वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है।’
अब तक, COVID-19 टीकों की 41,10,37,440 पहली खुराक और 18-44 वर्ष के आयु वर्ग में 13,11,13,078 दूसरी खुराक दी जा चुकी है। राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों में COVID-19 वैक्सीन उपलब्धता पर एक अपडेट देते हुए, MoHFW ने मंगलवार को कहा कि केंद्र द्वारा अब तक 107.22 करोड़ (1,07,22,96,865) वैक्सीन की खुराक राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों को प्रदान की गई है (मुफ्त) और प्रत्यक्ष राज्य खरीद श्रेणी के माध्यम से। मंत्रालय ने आगे बताया कि 12.37 करोड़ से अधिक (12,37,18,504) शेष इस्तेमाल न हुई COVID वैक्सीन खुराक अभी भी राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों के पास उपलब्ध हैं।
