05 June, 2026 (Friday)

तेल लगाने पर उग्र हुआ बेटा, हथौड़े से मां की बेरहमी से हत्या

खगड़िया (ईएमएस)। बिहार के खगड़िया जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। परबत्ता प्रखंड के खीराडीह गांव में एक बेटे ने मामूली बात पर अपनी ही मां की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस निर्मम वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 60 वर्षीय उड़नी देवी के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उनके बेटे मंटू मंडल पर लगा है। बताया जा रहा है कि घटना बुधवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे की है। उड़नी देवी अपने बेटे के पैर में तेल लगाकर मालिश कर रही थीं। इसी दौरान जब उन्होंने स्नेहवश उसके सिर पर भी तेल लगा दिया, तो मंटू अचानक आपा खो बैठा और उग्र हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बेटे का आक्रामक रवैया देखकर उसके पिता घनश्याम मंडल डर के मारे घर से बाहर निकल गए। इसी बीच मंटू मंडल ने घर में रखे हथौड़े से अपनी मां के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण उड़नी देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी मंटू मंडल मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। उसके हिंसक व्यवहार के चलते उसकी पत्नी पहले ही उसे छोड़कर मायके चली गई थी। मंटू अपने माता-पिता के साथ रहता था, जबकि उसके दो अन्य भाई अलग घरों में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता थाना प्रभारी निरीक्षक दिवाकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अखलेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मां की हत्या की पुष्टि हुई है। घटनास्थल से खून के छींटे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी मंटू मंडल को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *