गोरखपुर में 11वीं के छात्र का मर्डर, बदमाशों ने कॉलेज में घुसकर मारी गोली; मचा हड़कंप
गोरखपुर के कॉपरेटिव इंटर कॉलेज में दिनदहाड़े छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई. 11वीं के छात्र को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारी. घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए.
गोरखपुर में 11वीं के छात्र का मर्डर, बदमाशों ने कॉलेज में घुसकर मारी गोली; मचा हड़कंप
गोरखपुर के कॉपरेटिव इंटर कॉलेज में दिनदहाड़े छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई. कॉलेज के अंदर ही 11वीं के छात्र को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारी. घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. गोली लगते ही छात्र की मौके पर ही मौत हो गई. फायरिंग से कोऑपरेटिव इंटर कॉलेज में हड़कंप मच गया. तमंचा लहराते हुए बदमाश फरार हो गए. वहीं सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच-पड़ताल में जुड़ गई. वहीं मौके पर पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंचे.
यह घटना पिपराइच थाना क्षेत्र के कॉपरेटिव इंटर कॉलेज की है. मृतक छात्र सुधीर भारती (17) पिपराइच के गढ़वा गांव का रहने वाला था. छात्र की हत्या के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है. बताया जा रहा है कि छात्र सुधीर अपने दोस्तों के साथ खड़ा था, तभी बाइक सवार चार बदमाश वहां पहुंचे और सुधीर को देखते ही उसे पर फायर कर दिया. गोली सुधीर के गले को चीरते हुई निकल गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा. इसके बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए फरार हो गए. गोली की आवाज सुनते ही लोग दौड़ पड़े. गोली चलने से कॉलेज में अफरा-तफरी का माहौल हो गया.
घटना की जानकारी जब परिवार वालों को हुई तो वह मौके पर पहुंच गए. शव को देखते ही परिवार वाले बेसुध हो गए. मौके पर पहुंचे गांव वाले शव को मृतक छात्र के घर के पास रखकर प्रदर्शन करने लगे. करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सूचना मिलते ही SSP राजकरन नैय्यर भी मौके पर पहुंच गए.
बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले गांव की ही एक लड़के से छात्रा विवाद हुआ था. वहीं मीडिया से बात करते SSP राजकरन नैय्यर ने बताया कि एक ही गांव के दो पक्ष में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें एक पक्ष द्वारा दूसरे की हत्या कर दी गई. इस मामले में परिवारवालों से बात की गई है. उनके तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
