श्रेयस अय्यर को कैप्टन्सी डेब्यू पर मिली करारी हार, विराट-गिल वाले अनचाहे लिस्ट में शामिल हुआ नाम
श्रेयस अय्यर का भारत के टी20 कप्तान के तौर पर पहला मैच था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ वह विराट कोहली, ऋषभ पंत और शुभमन गिल के क्लब में शामिल हो गए हैं।
श्रेयस अय्यर की शुरुआत टीम इंडिया के कप्तान के तौर पर अच्छी नहीं रही है। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया को आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 में 34 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। आयरलैंड ने पहली बार इस फॉर्मेट में टीम इंडिया को हराया है। बेलफास्ट में खेले गए इस मैच में कप्तान अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 182 रन बनाए। जवाब में 183 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम 18.5 ओवरों में सिर्फ 148 रन बनाकर आउट हो गई।
पहला टी20 मैच हारने वाले चौथे कप्तान बने श्रेयस
श्रेयस अय्यर कप्तान के रूप में अपना पहला टी-20 मैच हारने वाले चौथे भारतीय हैं। उनसे पहले तीन और भारतीय खिलाड़ी कप्तानी संभालते ही अपना पहला मैच हार चुके हैं। इस लिस्ट में विराट कोहली, शुभमन गिल और ऋषभ पंत का नाम भी शामिल है। बतौर कप्तान अपना पहला टी-20 मैच हारने वाले विराट कोहली पहले भारतीय थे। साल 2017 में महेंद्र सिंह धोनी के बाद कप्तानी की जिम्मेदारी विराट कोहली को मिली थी। कप्तान के रूप में उनका पहला मुकाबला इंग्लैंड के खिलाफ कानपुर में था, जहां टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा।
ऋषभ पंत ने साल 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में भारतीय टी-20 टीम की कप्तानी की थी। कप्तान के तौर पर अपने पहले ही मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, साल 2024 में शुभमन गिल को जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के लिए कप्तान बनाया गया था, लेकिन गिल भी अपना पहला मैच जिम्बाब्वे जैसी कमजोर टीम से हार गए। अब इस लिस्ट में श्रेयस अय्यर का नाम भी जुड़ गया है, जो आयरलैंड के खिलाफ बतौर कप्तान अपना पहला टी-20 मैच हार गए हैं। अय्यर ऐसा करने वाले चौथे भारतीय कप्तान बन गए हैं।
अपना पहला T20I मैच हारने वाले भारतीय कप्तान
विराट कोहली बनाम इंग्लैंड, कानपुर 2017
ऋषभ पंत बनाम साउथ अफ्रीका, दिल्ली 2022
शुभमन गिल बनाम जिम्बाब्वे, हरारे 2024
श्रेयस अय्यर बनाम आयरलैंड, बेलफास्ट, 2026
टी20 वर्ल्ड कप के बाद हार के साथ टीम इंडिया ने की शुरुआत
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम अपना पहला टी20 मैच खेलने उतरी, लेकिन इस नए सफर की शुरुआत हार के साथ हुई। ऐसा ही कुछ साल 2024 में भी हुआ था, जब वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारत अपना पहला मैच हार गया था। उस समय हरारे में जिम्बाब्वे ने भारतीय टीम को हराया था और टीम के कप्तान शुभमन गिल थे।
