07 June, 2026 (Sunday)

शारिब हाशमी ने की ताहिरा कश्यप की तारीफ, ‘शर्माजी’ बन दिखेंगे नए अवतार में

मुंबई। अभिनेता आयुष्मान खुराना की पत्नी ताहिरा कश्यप फिल्म शर्माजी की बेटी से फीचर फिल्मों के निर्देशन में कदम रख रही हैं। पिता और पुत्री के रिश्ते पर आधारित इस फिल्म में साक्षी तंवर, शारिब हाशमी और नवोदित कलाकार वंशिका टपारिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म की शूटिंग के अनुभवों को दैनिक जागरण से साझा करते हुए शारिब बताते हैं, ‘इस फिल्म की पूरी कहानी मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित है, तो पूरी शूटिंग मुंबई में ही हुई है। इस फिल्म में अपने किरदार सुधीर के बारे में पढ़कर मैं बहुत खुश हुआ।’

शारिब हाशमी ने आगे कहा, ‘मैं हमेशा से ऐसा कोई पारिवारिक किरदार निभाना चाहता था। वेब सीरीज द फैमिली मैन में लोगों ने मुझे जेके के रूप में देखा है, लेकिन अभी तक मैंने कभी फैमिली मैन वाला किरदार नहीं निभाया है। इस किरदार के लिए मेरी कोई विशेष तैयारी नहीं रही। इसके लिए ताहिरा ने मुझसे कहा था कि आप जैसे हो बस वैसे ही कैमरे के सामने काम करना है।’

द फैमिली मैन अभिनेता ने आगे कहा, ‘वह बहुत ही सुलझी हुई निर्देशक हैं। उन्होंने कमाल की स्क्रिप्ट लिखी है। साक्षी तंवर के साथ काम करके मुझे बहुत अच्छा लगा। वंशिका ने भी बहुत बढ़िया काम किया है। अभी मेरे हिस्से की शूटिंग खत्म हुई है। पूरी फिल्म की शूटिंग खत्म करने में अभी 10 दिन लगेंगे।’ इससे पहले शारिब हाशमी ने हिंदुस्तान को दिए इंस्टव्यू में अपनी लाइफ से जुड़े खास खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वह बचपन से फैंस के एक्साइटमेंट को बखूबी समझते हैं। उन्हें फिल्में देखने का बेहद शौक रहा है।

उन्होंने आगे बताया उनके पिता फिल्म जर्नलिस्ट थे। उन्होंने पैसा नहीं सम्मान कमाया था। हम बचपन से एक चॉल में रहें। वह जब भी सड़क पर निकलते थे और किसी के घर में टीवी पर फिल्म चल रही होती थी तो वह वहीं रुक कर उनकी खिड़की से पूरी फिल्म खड़े होकर देख लेता था। इस तरह से उन्होंने चलते-फिरते कई सारी फिल्में देखी हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *