यौन उत्पीड़न और कोरोना से हुई मौतों की संख्या कम बताने के चलते न्यूयॉर्क के गवर्नर से डेमोक्रेटिक नेता ने मांगा इस्तीफा
अमेरिका की न्यूयॉर्क विधायिका के दो शीर्ष डेमोक्रेटिक सदस्यों ने यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे गवर्नर एंड्रयू कुओमो से रविवार को समर्थन वापस ले लिया। कुओमो पर नर्सिंग होम में कोरोना के चलते मरने वाले लोगों की संख्या वास्तविकता से कम बताने का भी आरोप है।
सीनेट नेता कजन्स ने कहा- तीन बार गवर्नर चुने जा चुके कुओमो को पद से इस्तीफा दें
सीनेट में बहुमत की नेता एंड्रिया स्टीवर्ट कजन्स प्रांत की पहली ऐसी डेमोक्रेटिक नेता हैं, जिन्होंने कहा है कि तीन बार गवर्नर चुने जा चुके कुओमो को पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
असेंबली के स्पीकर ने कहा- क्या कुओमो न्यूयॉर्क के लोगों की आवश्यकता को पूरा कर सकते हैं
असेंबली के स्पीकर कार्ल हीस्टी ने कुओमो के इस्तीफे की मांग तो नहीं की, लेकिन उन्होंने अपने बयान में कहा, ‘गवर्नर को अब गंभीरता से इस बात पर विचार करना चाहिए कि क्या वह न्यूयॉर्क के लोगों की आवश्यकता को प्रभावी तरीके से पूरा कर सकते हैं।’
दो महिलाओं ने गवर्नर पर अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया था
कुओमो के लिए काम करने वाली दो महिलाओं ने गवर्नर पर अनुचित व्यवहार करने का शनिवार को सार्वजनिक तौर पर आरोप लगाया था।
स्टीवर्ट कजन्स ने कहा- प्रतिदिन एक नई बात सामने आ रही, न्यूयॉर्क महामारी से जूझ रहा
स्टीवर्ट कजन्स ने एक बयान में कहा, ‘प्रतिदिन एक नई बात सामने आ रही है, जिससे सरकार का काम प्रभावित हो रहा है। न्यूयॉर्क अब भी महामारी से जूझ रहा है। हमें रोजाना पैदा हो रहे भटकाव के बिना काम करने की आवश्यकता है। प्रांत के गवर्नर कुओमो को इस्तीफा दे देना चाहिए।’ कजन्स के इस बयान से पहले रविवार को कुओमो ने कहा था कि उनका इस्तीफा देना अलोकतांत्रिक होगा।
