संजय दत्त के बर्थडे पर रिलीज़ हुआ ‘केजीएफ 2’ का नया पोस्टर, फिल्म की रिलीज़ को लेकर दिया ये अपडेट
बॉलीवुड के ‘खलनायक’ संजय दत्त आज अपना 62वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। इस मौके पर संजू बाबा ने अपने फैंस को एक तोहफा दिया है। अपने जन्मदिन के मौके पर संजय दत्त ने अपकमिंग फिल्म ‘केजीएफ 2’ का नया पोस्टर रिलीज़ किया है जिसमें वो खूंखार अधीरा के लुक में नज़र आ रहे हैं। अधीरा के लुक में पहले भी बाबा के पोस्टर सामने आ चुके हैं, लेकिन एक्टर के जन्मदिन पर फैंस के लिए नया पोस्टर रिलीज़ किया गया है।
हाथ में तलवार पकड़े संजय दत्त इस नए पोस्टर में काफी खतरनाक लग रहे हैं और उनके पीछे लोगों की भीड़ नज़र आ रही है। पोस्टर शेयर करते हुए बाबा ने अपने फैंस को धन्यवाद कहा है साथ ही ‘केजीएफ 2’ की रिलीज़ को लेकर बड़ा अपटेड दिया है। एक्टर ने पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा, ‘जन्मदिन की इतनी सारी बधाईयों के लिए आप सभी का शुक्रिया। ‘केजीएफ 2’ में काम करना का अनुभव काफी अच्छा रहा। मैं जानता हूं कि आप लोग लंबे से समय से फिल्म के रिलीज़ होने का इंतज़ार कर रहे हैं। मैं आश्वासन देता हूं कि आपका इंतज़ार करना बेकार नहीं जाएगा’।
आपको बता दें कि ‘केजीएफ 2’ सुपरहिट फिल्म ‘केजीएफ’ का दूसरा पार्ट है। ‘केजीएफ’ में साउथ इंडियन सुपरस्टार यश ने लीड रोल निभाया था। इस बार भी लीड रोल में वही नज़र आएंगे, लेकिन इस बार उनके साथ संजय दत्त और रवीना टंडन भी मेन किरदार होंगे। फिल्म में संजय ‘अधीरा’ का किरदार निभाएंगे। पहले ‘केजीएफ 2’ को 16 जुलाई को रिलीज़ किया जाना था, लेकिन महामारी की वजह से सिनेमाघर बंद होने के चलते फिल्म की रिलीज़ डेट को आगे बढ़ा दिया गया। फिलहाल मेकर्स की तरफ से फिल्म की नई रिलीज़ डेट को लेकर कोई एलान नहीं किया गया है। लेकिन सोशल मीडिया पर बज़ है कि फिल्म इस साल दिसंबर में रिलीज़ हो सकती है। फैंस को केजीएफ 2 का बेसब्री से इंतज़ार है।
