रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई शहरों को दहलाया, मिसाइलों से किया हमला, जेलेंस्की ने पहले ही जताया था डर
रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई शहरों को मिसाइलों से हमले कर के दहला दिया है। मिसाइलों से बता दें कि इन हमलों से कुछ ही देर पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भीषण हमले की चेतावनी दी थी।
रूस ने एक बार फिर से यूक्रेन को दहला कर रख दिया है। गुरुवार को रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई इलाकों में घातक मिसाइलों से हमला किया। बता दें कि इस हमले से कुछ ही समय पहले यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने चेतावनी दी थी कि रूस एक बड़े हमले की तैयारी कर रहा है। CNN ने कीव के सैन्य प्रशासन के हवाले से बताया है कि, रूस के इस हमले में कीव में एक शख्स की मौत हो चुकी है।
जेलेंस्की ने क्या कहा था?
रूस के हमले से पहले किए गए एक ट्वीट में यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा था- एयर फोर्स के कमांडर अनातोली क्रिवोनोज़्को ने मुझे एक रिपोर्ट दी है। रूस ने कुछ दिनों पहले ही एक बड़े हमले की तैयारी की थी। इस बात की बहुत ज्यादा संभावना है कि आज रात यह हमला किया जाएगा। यह जरूरी है कि हमारे सहयोगी पूरी तरह समझें कि क्या हो रहा है और लोगों की जान बचाना सीधे तौर पर इस बात पर निर्भर करता है कि वे एयर डिफेंस मिसाइलों के साथ हमारी मदद करने के लिए कितने तैयार हैं या नहीं। सबसे पहले, यह बात अमेरिका और उन सहयोगियों पर लागू होती है जिनके पास पैट्रियट मिसाइलें हैं और जो हमारी सुरक्षा के लिए उन्हें दे सकते हैं। हर सहयोगी जानता है कि किस चीज की जरूरत है और वे देरी करने के नतीजों को भी अच्छी तरह समझते हैं। कृपया, यूक्रेन के सभी इलाकों में आज एयर रेड अलर्ट पर ध्यान दें और सुरक्षित रहें।”
