रिषभ पंत का सामना एस एस धौनी से, चेन्नई और दिल्ली में होगी श्रेष्ठता की जंग
चेन्नई सुपरकिंग्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें प्लेआफ में अपनी जगह पहले ही पक्की कर चुकी हैं लेकिन सोमवार को दोनों के बीच होने वाला मैच बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे काफी हद तक यह तय हो जाएगा कि आइपीएल में कौन सी टीम शीर्ष पर रहकर आगे बढ़ेगी। चेन्नई शीर्ष स्थान की इस जंग में पिछले मैच में मिली हार से उबरना चाहेगी। इन दोनों टीमों ने इस आइपीएल में अब तक दबदबा बनाए रखा है और ऐसे में यह मैच बेहद रोमांचक होने की संभावना है। यूएई चरण में दोनों टीमों ने अब तक एक-एक मैच गंवाए हैं और उनकी निगाह अब शीर्ष दो स्थान पर रहना है जिससे उन्हें फाइनल में पहुंचने के दो मौके होंगे।
पिछले सत्र में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली चेन्नई की टीम ने इस बार पासा पलटा और वह प्लेआफ में जगह बनाने वाली पहली टीम बनी। महेंद्र सिंह धौनी की अगुआई वाली टीम को हालांकि शनिवार को राजस्थान रायल्स के शानदार प्रदर्शन के कारण हार झेलनी पड़ी। चेन्नई ने चार विकेट पर 189 रन बनाए लेकिन यशस्वी जायसवाल और शिवम दुबे की शानदार पारियों से वह इस मजबूत स्कोर का बचाव नहीं कर पाया। रायल्स ने 17.3 ओवर में जीत दर्ज कर ली। यह यूएई में उसकी पहली हार और 12 मैचों में कुल तीसरी पराजय है। उसके अब दिल्ली के समान 12 मैचों में 18 अंक हैं लेकिन बेहतर रन गति के कारण धौनी की टीम शीर्ष पर बनी हुई है।
इस सत्र में चेन्नई की बल्लेबाजी शानदार रही है। रुतुराज गायकवाड़ ने अब तक शानदार प्रदर्शन करके सर्वाधिक 508 रन बनाए हैं। रायल्स के खिलाफ भी उन्होंने 60 गेंदों पर नाबाद 101 रन बनाए। उनकी टीम भले ही मैच हार गई लेकिन दिल्ली को गायकवाड़ से सतर्क रहने की जरूरत होगी। उनके अलावा फाफ डुप्लेसिस, मोइन अली, अंबाती रायुडू और रवींद्र जडेजा ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। धौनी फिर से पुराने रंग में लौटते हुए दिख रहे हैं। रायल्स के खिलाफ मैच को छोड़ दिया जाए तो चेन्नई के गेंदबाजों तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड, दीपक चाहर, ड्वेन ब्रावो और शार्दुल ठाकुर तथा स्पिनर जडेजा और मोइन ने अच्छा प्रदर्शन किया है। रायल्स के खिलाफ हालांकि ठाकुर को छोड़कर उसका कोई भी गेंदबाज नहीं चल पाया। उसके गेंदबाज दिल्ली के खिलाफ ऐसी किसी ढिलाई से बचना चाहेंगे।
रिषभ पंत की अगुआई में दिल्ली की टीम इस बार खिताब जीतने के लिए प्रतिबद्ध दिखती है। वह पिछली बार उप विजेता रही थी। कोलकाता नाइटराइडर्स से हार के बाद दिल्ली ने मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस पर चार विकेट से जीत दर्ज करके अच्छी वापसी की थी। पिछले दो मैचों में हालांकि दिल्ली के बल्लेबाज संघर्ष करते हुए नजर आए। पिछले मैच में पंत और श्रेयस अय्यर की पारियों से टीम जीत दर्ज कर पाई लेकिन अन्य बल्लेबाजों को भी योगदान देने की जरूरत है। दुबई में हालांकि स्ट्रोक खेलना आसान होगा और ऐसे में शिखर धवन, स्टीव स्मिथ और पृथ्वी शा से अच्छी पारियों की उम्मीद की जा सकती है। दिल्ली का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत है जिसमें कैगिसो रबादा, एनरिक नोत्र्जे और रविचंद्रन अश्विन जैसे गेंदबाज हैं जो चेन्नई के बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा ले सकते हैं।
टीमें इस प्रकार हैं :
चेन्नई सुपरकिंग्स: महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान), सुरेश रैना, अंबाती रायुडू, केएम आसिफ, दीपक चाहर, ड्वेन ब्रावो, फाफ डुप्लेसिस, इमरान ताहिर, एन जगदीसन, करन शर्मा, लुंगी नगिदी, मिशेल सेंटनर, रवींद्र जडेजा, रुतुराज गायकवाड़ , शार्दुल ठाकुर, सैम कुर्रन, आर साई किशोर, मोइन अली, के गौतम, चेतेश्वर पुजारा, हरिशंकर रेड्डी, भगत वर्मा, सी हरि निशांत।
दिल्ली कैपिटल्स: रिषभ पंत (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, पृथ्वी शा, रिपल पटेल, शिखर धवन, शिमरोम हेटमयार, श्रेयस अय्यर, स्टीव स्मिथ, अमित मिश्रा, एनरिक नोत्र्जे, अवेश खान, बेन ड्वारशुइस, इशांत शर्मा, कैगिसो रबादा, कुलवंत खेजरोलिया , लुकमान मेरीवाला, प्रवीण दुबे, टाम कुर्रन, उमेश यादव, अक्षर पटेल, ललित यादव, मार्कस स्टोइनिस, रविचंद्रन अश्विन, सैम बिलिंग्स और विष्णु विनोद।
