अधिकारों को लेकर महिलाओं को होना होगा जागरूक
कुशीनगर: प्रभारी जिला जज व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजेश कुमार उपाध्याय ने कहा कि अपने अधिकारों को लेकर महिलाओं को जागरूक होना होगा। इसके लिए जरूरी है कि वह अपने उत्थान व स्वावलंबी बनने की राह खुद चुनें। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा तमाम जनकल्याणकारी योजनाए चलायी जा रही है योजनाओं के प्रति जागरूक हो। ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके।
प्रभारी जिला जज शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में दीवानी न्यायालय सभाकक्ष में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पखवारा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। पारिवारिक न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश विनय कुमार ने पुरुषों की बराबरी करने के लिए महिलाओं को प्रोत्साहित किया। सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शबीना खान ने कहा कि महिलाओं को सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेना चाहिए। समाज कल्याण अधिकारी रश्मि मिश्रा ने महिलाओं के अधिकारों को लेकर सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। सीडीपीओ पूजा रानी ने महिलाओं के हितों के संबंध में बताया।
इसके पूर्व प्रभारी जिला जज व अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजेश कुमार उपाध्याय एंव प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय विनय कुमार द्वारा दीप प्रज्जवलित कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
अधिवक्ता मिथिलेश कुमार दीक्षित, जितेन्द्र दुबे, नरेन्द्र कुमार मिश्र ने संबोधन में महिलाओं को समाज का आधा हिस्सा बताया। वरिष्ठ लिपिक मुकेश कुमार श्रीवास्तव,राजकुमार वर्मा, प्रदीप कुमार झा, अमरनाथ यादव, राजन मिश्रा, रविन्द्र नाथ आदि मौजूद रहे।
