05 June, 2026 (Friday)

Ramayana Spoiler: राम और रावण पर्दे पर नहीं दिखेंगे साथ, रणबीर कपूर संग नजर न आने की यश ने खुद बताई वजह

‘रामायण’ को लेकर यश ने बड़ा स्पॉइलर दिया है। फिल्म में यश रावण के रोल में नजर आने वाले हैं और उन्होंने बताया कि पर्दे पर राम और रावण एक साथ नजर नहीं आएंगे।
साल 2026 की सबसे प्रतीक्षित फिल्मों में से एक ‘रामायण: पार्ट 1’ को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस पौराणिक महागाथा में रणबीर कपूर ‘भगवान राम’ और यश ‘रावण’ की भूमिका में नजर आने वाले हैं। फिल्म को वैश्विक स्तर पर भव्य रूप देने की तैयारी चल रही है, लेकिन हाल ही में आए एक खुलासे ने फैंस को थोड़ा हैरान कर दिया है। ये खुलासा करने वाला कोई और नहीं बल्कि फिल्म के प्रोड्यूसर और एक्टर यश हैं। उन्होंने फिल्म से जुड़ा ऐसा स्पॉइलर लोगों के साथा साझा किया, जिसने साफ कर दिया कि पहले भाग में क्या होगा।
पहले भाग में नहीं दिखेगा राम-रावण का टकराव
सिनेमाकॉन 2026 के दौरान अंतरराष्ट्रीय मीडिया से बातचीत करते हुए फिल्म के अभिनेता और सह-निर्माता यश ने एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि ‘रामायण’ के पहले भाग में रणबीर कपूर और वे एक साथ स्क्रीन साझा नहीं करेंगे। यश के अनुसार फिल्म को दो भागों में बनाया जा रहा है, और पहले भाग की कहानी में दोनों के राज्यों और उनके व्यक्तिगत सफर पर अधिक ध्यान केंद्रित किया गया है। यश ने विस्तार से बताया, ‘दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म के पहले हिस्से में हम दोनों कभी स्क्रीन पर एक साथ नहीं आए हैं। जैसा कि आप जानते हैं, यह दो भागों की फिल्म है। पहले भाग में रावण के रूप में मेरा अपना साम्राज्य (लंका) है और राम का अपना साम्राज्य है।’ इस खुलासे से साफ है कि दर्शकों को राम और रावण के बीच के महायुद्ध और उनके आमने-सामने आने के दृश्यों के लिए दूसरे भाग का इंतजार करना होगा।

रणबीर और यश के बीच का तालमेल
भले ही पर्दे पर दोनों सितारे एक साथ न दिखें, लेकिन ऑफ-स्क्रीन उनके बीच काफी अच्छी बॉन्डिंग है। यश ने रणबीर कपूर की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें एक शानदार अभिनेता बताया। उन्होंने कहा कि जब आप रामायण जैसा महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट करते हैं तो आपसी सम्मान और एक साझा दृष्टिकोण सबसे महत्वपूर्ण होता है। यश के अनुसार पूरी टीम का एकमात्र एजेंडा इस कालजयी कहानी को बेहतरीन तरीके से पेश करना है। वहीं रणबीर कपूर ने भी रावण के रूप में यश की पसंद को सराहा है। रणबीर का मानना है कि रावण जैसे शक्तिशाली चरित्र को निभाने के लिए जिस ऑरा और स्क्रीन प्रेजेंस की जरूरत होती है, वह यश में कूट-कूट कर भरी है। फिल्म में रावण को एक पारंपरिक विलेन के बजाय एक नए नजरिए से पेश किया जाएगा।

फिल्म की भव्य स्टारकास्ट और रिलीज
‘रामायण: पार्ट 1’ में सितारों का एक बड़ा जमावड़ा देखने को मिलेगा। रणबीर और यश के अलावा साई पल्लवी ‘माता सीता’ की भूमिका में नजर आएंगी। सनी देओल ‘हनुमान’ और रवि दुबे ‘लक्ष्मण’ के किरदार को जीवंत करेंगे। फिल्म में अरुण गोविल, लारा दत्ता, कुणाल कपूर और रकुल प्रीत सिंह जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म दिवाली 2026 के मौके पर दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

दोनों सितारों के अन्य प्रोजेक्ट्स
‘रामायण’ के साथ-साथ रणबीर और यश अपने अन्य प्रोजेक्ट्स में भी व्यस्त हैं। यश जल्द ही गीतू मोहनदास की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में दिखाई देंगे, जिसकी रिलीज डेट अब जून 2026 कर दी गई है। दूसरी ओर रणबीर कपूर दिग्गज निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ की तैयारी कर रहे हैं, जिसमें उनके साथ विक्की कौशल और आलिया भट्ट भी मुख्य भूमिकाओं में होंगे।

ये भी पढ़ें: न नवाजुद्दीन, न कमल हासन, इकलौता मेल एक्टर जिसे मिला बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड, खूंखार खलनायक बन हुआ मशहूर

‘महाभारत’ के क्यूट बाल बलराम याद हैं? 38 साल में बदली तकदीर, बने TV के सबसे फेमस खलनायक, कद-काठी देख थर-थर कांपते हैं हीरो

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed