18 August, 2026 (Tuesday)

पिता के सामने गड्ढे ने छीनी 11 साल के मासूम की जिंदगी, बाइक से गिरते ही ट्रक के नीचे आया बच्चा, सामने आया CCTV

पिता अपने दो बच्चों को बाइक से लेकर जा रहा था। तभी सड़क के गड्ढे की वजह से बाइक का संतुलन बिगड़ गया। पिता समेत दोनों बच्चे सड़क पर गिर गए।
महाराष्ट्र के पुणे में खराब सड़क और गड्ढे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 11 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। हादसा बालेवाड़ी-म्हालुंगे इलाके में सोमवार शाम करीब 7 बजे ग्रीन कोट सोसाइटी के सामने हुआ। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पिता समेत दोनों बच्चे सड़क पर गिरे
जानकारी के मुताबिक, पिता अपने बेटे और बेटी को दोपहिया वाहन पर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर बने गड्ढे से बाइक टकरा गई, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और पिता समेत दोनों बच्चे सड़क पर गिर पड़े।

11 वर्षीय बच्चे के ऊपर चढ़ा ट्रक
बताया जा रहा है कि इसी दौरान पीछे से आ रहा एक आइशर ट्रक सड़क पर गिरे 11 वर्षीय बच्चे के ऊपर से गुजर गया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सामने आया सीसीटीवी फुटेज
हादसे का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके की जर्जर सड़क और गहरे गड्ढों को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि खराब सड़कों की वजह से आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। सड़क पर गड्ढे को लेकर स्थानीय लोग और वहां से गुजर रहे लोग भी सवाल खड़े कर रहे हैं। यहां से गुजरने वाला हर वाहन चालक परेशान हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में भी सड़क के गड्ढों के चलते लोगों की मौत हो जाती है। प्रशासन मूक दर्शक बना रहता है।

स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ गुस्सा
वहीं, पुणे के हादसा बालेवाड़ी-म्हालुंगे इलाके में सड़क के गड्ढे के चलते एक बच्चे की जान जाने से लोगों में गुस्से का माहौल है। ये गुस्सा ट्रक चालक और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ है। लोगों का कहना है कि ये कोई पहली बार नहीं हुआ है। सड़क पर गड्ढों के चलते लोग अपने दुपहिया वाहन से गिर जाते हैं। किसी के साथ भी ऐसा हादसा हो सकता है। 11 साल के मासूम की जान जाने के बाद पीड़ित परिवार के घर पर मातम पसरा हुआ है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *