06 June, 2026 (Saturday)

मेरठ में फार्म हाउस में मिला ड्रोन, पुलिस ने लिया कब्जे में, जांच के लिए भेजेंगे

मेरठ में दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित एक फार्म हाउस में ड्रोन मिलने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची फोर्स ने उसे कब्जे में लिया। आसपास भी छानबीन की। सोमवार को उसे जांच के लिए भेजा जाएगा।

खास जानकारी नहीं मिली हाथ

टीपीनगर थाना क्षेत्र में हाईवे पर वोहरा फार्म हाउस है। रविवार देर शाम फार्म हाउस के केयर टेकर राजीव ने कंट्रोल रूम को सूचना दी कि एक ड्रोन पड़ा है। सेट पर सूचना जारी होते ही कुछ ही देर में थाना पुलिस पहुंच गई और ड्रोन को कब्जे में ले लिया। इस दौरान आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। हालांकि कुछ खास जानकारी हाथ नहीं लगी। केयर टेकर ने बताया कि उसने पड़ा देखा था। थाना प्रभारी ने बताया कि ड्रोन को कब्जे में ले लिया है। देखने में वह पुराना लग रहा है। उसे जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी

ट्रांसफर के नाम पर ठगी, थाने में समझौता

मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने बताया कि वह शिक्षा विभाग में तैनात हैं। उनकी तैनाती पूर्वांचल में थी। पिछले साल उनको नौचंदी थाना क्षेत्र निवासी भाजपा से जुड़े एक व्यक्ति से मुलाकात हुई। उसने घर की तरफ ट्रांसफर कराने की बात कही। ढाई लाख रुपये मांगे थे, लेकिन गत वर्ष अक्टूबर में 20 हजार रुपये दिए थे। अभी तक कुछ नहीं हुआ तो उन्होंने रुपये वापसी मांगे। आरोप है कि उनको धमकी दी जा रही थी। इसके बाद पुलिस से शिकायत की तो थाने में बैठाकर आधे रुपयों में समझौता करा दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया है।

ताक-झांक का विरोध करने पर हमला, पथराव

मेरठ में घर में ताक-झांक का विरोध करने पर आरोपितों ने घर पर हमला बोल दिया। महिला और पुरुषों से मारपीट की। घर के दरवाजे और सामान तोड़ दिया। पथराव से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायलों का उपचार कराया। दो युवकों को हिरासत में ले लिया है। भावनपुर थाना क्षेत्र के लू बक्सर निवासी सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पड़ोस में ही ठाकुर बिरादरी के घर हैं। वहां से युवक उनके घर में ताक-झांक करते हैं। विरोध करने पर धमकी दी जाती है। चार दिन पहले उन्होंने इसकी शिकायत एसएसपी और थाने में की थी।

घर की महिलाओं को पीटा

रविवार को युवक फिर से वही हरकत कर रहे थे। उन्होंने मना किया तो गाली-गलौज शुरू कर दी। फोन कर साथियों को बुला लिया। 25-30 युवकों ने उनके घर पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से उनको और घर की महिलाओं को पीटा। तोडफ़ोड़ करते हुए घर के दरवाजे भी तोड़ डाले। आसपास के लोगों ने बचाने का प्रयास किया तो उनसे भी हाथापाई की। आधे घंटे तक आतंकित किया। पुलिस ने सुरेंद्र और अन्य का उपचार कराया। पीडि़त ने भूपेंद्र, गिरिराज, भगत सिंह, राम सिंह, सुमित, अरुण और विशाल समेत 20 से ज्यादा अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। दो युवकों को हिरासत में भी लिया गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *