24 October, 2026 (Saturday)

मेरठ में बच्‍चा गैंग की करतूत, बैंक में ढाई लाख रुपये से भरा थैला उड़ाया, सीसीटीवी में हुआ कैद

मेरठ के सरधना कस्बे के शहीद द्वार स्थित पीएनबी शाखा के अंदर से एक बच्चा कारोबारी का ढाई लाख रुपयों से भरा थैला उड़ाकर ले गया। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इंस्पेक्टर लक्ष्मण वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं बच्‍चा गैंग मेरठ में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।

यह है मामला

मोहल्ला नवाबगढ़ी निवासी मुन्ना ने बताया कि उनकी नवाबगढ़ी में पावरलूम की फैक्ट्री है। बीते दिनों उन्होंने खतौली में रोडवेज अड्डे के पीछे एक प्लाट बेचा था। इसका करीब ढाई लाख रुपये बयाना मिला था। मुन्ना ने बताया कि वह गुरुवार को पीएनबी शाखा में थैले में करीब ढाई लाख रुपये लेकर जमा करने आए थे। उनके दो बेटे साथ थे। उन्होंने एक बेटे को बाहर बाइक पर छोड़ दिया औैर छोटे बेटे को शाखा में ले गए। वह बेटे के पास कुर्सी पर रुपयों से भरा थैला रखकर टेबल पर बैंक की पर्ची भरने लगे। कुछ ही पल में कुर्सी पर रखा बैग गायब हो गया। उन्होंने शोर मचाया। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी खंगाले। इसमें मुंह पर कपड़ा बांधे एक बच्चा थैला ले जाते नजर आ रहा है।

बच्चे के साथ एक युवक भी था

पीएनबी के शाखा प्रबंधक सतेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि सीसीटीवी में एक बच्चा करीब 20 मिनट तक बैंक के बाहर और एटीएम में घूमता दिख रहा है। जब पीडि़त बैंक के अंदर आया तभी एक युवक बच्चे को इशारा करते दिखा। एक अन्य युवक तीन बार लाइन में लगते हुए भी दिख रहा है। इंस्पेक्टर लक्ष्मण वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सूट-बूट पहनकर बिग बाइट होटल में घुसा था बच्चा गैंग

मेरठ : बिग बाइट होटल एवं रेस्तरां में शादी के रिसेप्शन में तीन लाख की नकदी और जेवर से भरा बैग चोरी होने की घटना को बच्चा गैंग ने अंजाम दिया है। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि बच्चे सूट-बूट पहनकर होटल में घुसे। उनका ध्यान शादी का खर्च उठा रहे व्यक्ति पर था। फुटेज में सामने आया कि एक बच्चा दूसरे साथी को बैग देकर निकल गया। दूसरा, तीसरे को बैग पकड़ा रहा है। इसी तरह से बैग होटल से बाहर आ जाता है।

बेटे की शादी का रिसेप्शन

मंगलवार को ब्रह्मपुरी के रहने वाले आरिफ के बेटे की शादी का रिसेप्शन दिल्ली हाईवे स्थित बिग बाइट होटल होटल में था। होटल के अंदर से आरिफ का बैग चोरी हो गया। इससे पहले दिल्ली हाईवे पर स्थित होटल ब्रावुरा में शादी समारोह के दौरान सोने के जेवर से भरा बैग चोरी हो गया था। परतापुर पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज में भी बच्चे बैग चोरी करते दिखाई पड़ रहे हैं।

सीसीटीवी फुटेज की जांच

सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि गैंग के बाकी शातिर होटल के बाहर गाड़ी में मौजूद रहते हैं। बिग बाइट होटल में हुई वारदात में पीडि़त पक्ष ने होटल के कर्मचारियों की मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। पुलिस इस तथ्य को भी गंभीरता से देख रही है। होटल स्वामी कोणार्क का कहना है कि होटल के कर्मचारी इस घटना में शामिल नहीं हैं। बच्चा गैंग ने ही वारदात को अंजाम दिया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed