28 October, 2026 (Wednesday)

NCP अजित पवार गुट में बड़ा फेरबदल, जीशान सिद्दीकी बने मुंबई अध्यक्ष, उमेश पाटिल को बनाया राष्ट्रीय प्रवक्ता

मुंबई (NCP) के नवनियुक्त अध्यक्ष जीशान सिद्दीकी ने अपने दिवंगत पिता बाबा सिद्दीकी की विरासत और पार्टी के दिवंगत नेता अजीत पवार के विजन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अजित पवार गुट ने जीशान सिद्दीकी को मुंबई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, सोलापुर जिला अध्यक्ष उमेश पाटिल को पार्टी का नया राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता बनाने की घोषणा की है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्षा एवं महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजितदादा पवार ने इन नियुक्तियों की घोषणा की।

सुनेत्रा पवार ने दी बड़ी जिम्मेदारी

बुधवार को सरकारी निवास ‘देवगिरी’ में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और सांसद पार्थ अजितदादा पवार की प्रमुख उपस्थिति में दोनों नेताओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी उपस्थित थे। सुनेत्रा पवार ने विश्वास व्यक्त किया कि उमेश पाटिल और जीशान सिद्दीकी लोकनेता अजितदादा पवार के विचारों, आदर्शों और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे।

जीशान सिद्दीकी ने जताया आभार

नियुक्ति के बाद जीशान सिद्दीकी ने कहा कि सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार ने उन पर भरोसा जताते हुए यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का झंडा बुलंद रखना अब उनकी और उनकी पूरी टीम की जिम्मेदारी है। जीशान सिद्दीकी ने कहा कि सुनेत्रा पवार उनके लिए हमेशा मां जैसी रही हैं, जबकि पार्थ पवार बड़े भाई की तरह हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी पार्टी नेतृत्व ने उन्हें विधान परिषद सदस्य (MLC) बनाया और अब मुंबई अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। वह नेतृत्व के भरोसे पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे।

जीशान सिद्दीकी ने बुधवार को पार्टी के शहरी आधार को फिर से मजबूत करने के लिए एक महत्वाकांक्षी रोडमैप पेश किया। उन्होंने अपनी इस नई भूमिका को एक भावनात्मक कर्तव्य और एक महत्वपूर्ण राजनीतिक जिम्मेदारी बताया। जीशान सिद्दीकी ने अपने दिवंगत पिता बाबा सिद्दीकी और पार्टी के दिवंगत नेता अजीत पवार की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

जीशान सिद्दीकी ने वित्त मंत्रालय को लेकर कही ये बात

महाराष्ट्र सरकार में वित्त मंत्रालय को लेकर भी जीशान सिद्दीकी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वित्त विभाग हमेशा अजित दादा संभालते रहे हैं और आज भी पूरी पार्टी को भरोसा है कि सुनेत्रा पवार इस विभाग को संभालने में पूरी तरह सक्षम हैं। उन्हें उम्मीद है कि महायुति गठबंधन में NCP को वित्त विभाग दोबारा मिलेगा। जीशान सिद्दीकी ने विश्वास जताया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की यह उम्मीद जल्द पूरी होगी और गठबंधन में पार्टी को वित्त विभाग की जिम्मेदारी फिर से मिलेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed