केरल में आए 38 हजार से ज्यादा नए मामले, देश में संक्रमण के चलते जान गंवाने वालों की संख्या पांच लाख के पार
कोविड महामारी की तीसरी लहर में देश में एक महीने बाद संक्रमण के नए मामले डेढ़ लाख से नीचे आए हैं। सक्रिय मामले भी घटकर 15 लाख से कम रह गए हैं और दैनिक संक्रमण दर भी 10 प्रतिशत से नीचे बनी हुई है। साप्ताहिक संक्रमण दर जरूर अभी 12.03 प्रतिशत है। हालांकि, महामारी के चलते होने वाली मौतें पांच लाख को पार कर गई हैं। पांच लाख से ज्यादा मौतों वाला भारत दुनिया का तीसरा देश बन गया है। वल्र्डोमीटर के आंकड़ों के मुताबिक भारत से ज्यादा अमेरिका में 9.20 लाख और ब्राजील में 6.30 लाख मौतें हुई हैं। शाम को जारी हुए आंकड़ों के अनुसार केरल में पिछले 24 घंटों के अंदर 38,684 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 28 मौतें दर्ज की गई हैं और 41,037 लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2,272 नए मामले सामने आए हैं। 20 लोगों की मौत हुई और 4,166 लोग रिकवर हुए हैं। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 11,716 है।
देश के इन राज्यों में आए कोरोना के नए मामले
– पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1,523 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 2,421 रिकवरी और 35 मौतें दर्ज की गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामले 20,213 हैं।
– तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों के अंदर 9,916 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 21,435 रिकवरी और 30 मौतें दर्ज की गई। तमिलनाडु में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1,55,329 हो गई है।
– उत्तराखंड में बीते 24 घंटे के अंदर कोरोना के 1183 नए संक्रमित मामले सामने आए हैं। इस दौरान कोरोना से 15 लोगों की जान चली गई।
– कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में 14,950 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 40,599 रिकवरी और 53 मौतें दर्ज की गई। कर्नाटक में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1,23,098 हो गई है।
– गुजरात में पिछले 24 घंटों के अंदर 6,097 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 12,105 रिकवरी और 35 मौतें दर्ज की गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामले 57,521 हैं।
– असम में पिछले 24 घंटों के अंदर कोरोना के 739 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 2,568 रिकवरी और 15 मौतें दर्ज की गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामले 11,942 हैं।
कर्नाटक में कोरोना के प्रतिबंधों में दी गई ढील
कर्नाटक सरकार ने राज्य में कोरोना के प्रतिबंधों में ढील दी है। सरकार की ओर से जारी हुई गाइडलाइन के अनुसार जिम, सिनेमा हाल, स्विमिंग पूल और योग केंद्रों को 100 प्रतिशत क्षमता के साथ खोलने की अनुमति दी गई है। हालांकि, इस दौरान सरकार द्वारा जारी कोरोना प्रोटोकाल और दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा।
सक्रिय मामलों में 98,352 की कमी आई
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 1,49,394 नए मामले मिले हैं, 1,072 मौतें हुई हैं और सक्रिय मामलों में 98,352 की कमी आई है। 1,072 मौतों में अकेले केरल से 601 मौतें हैं। केरल में पिछले 24 घंटे में तो 36 लोगों की ही जान गई है, लेकिन पिछले दिनों हुई कुछ मौतों को नए आंकड़ों के साथ जारी करने से संख्या बढ़ गई है।
इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा 4.19 करोड़ पर पहुंच गया है और मृतकों की संख्या 5,00,055 हो गई है। सक्रिय मामले 14,35,569 रह गए हैं जो कुल मामलों का 3.42 प्रतिशत है। मरीजों के उबरने की दर लगातार सुधर रही है और वर्तमान में यह 95.39 प्रतिशत है, जबकि मृत्युदर 1.19 प्रतिशत पर आ गई है।
अब तक 168.89 करोड़ डोज लगाई गईं
कोविन पोर्टल के शाम छह बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक कोरोना वायरस रोधी वैक्सीन की 168.89 करोड़ डोज लगाई गई हैं। इनमें 94.92 करोड़ पहली, 72.60 करोड़ दूसरी और 1.36 करोड़ सतर्कता डोज शामिल हैं।
