06 June, 2026 (Saturday)

कंगना रनोट के ‘भीख’ वाले बयान पर मुकेश खन्ना भड़के, कहा- सरकार की चापलूसी में ये सब बोल रहीं एक्ट्रेस

टीवी के शक्तिमान मुकेश खन्ना उन चंद एक्टर्स में से एक हैं, जो हर मुद्दे पर अपनी राय रखते हैं। अब उन्होंने एक्ट्रेस कंगना रनोट को उनके ‘भीख’ वाले बयान के लिए लताड़ लगाई है। इस दिग्गज कलाकार ने कंगना को इस बयान के लिए चापलूस कहा है और कहा कि ये उनकी अज्ञानता दर्शाता है, जो उन्होंने पुरस्कार मिलने के बाद आजादी को लेकर ऐसी बातें कहीं हैं।

कंगना पर फूटा शक्तिमान का गुस्सा

मुकेश खन्ना ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा,’कई लोग बार-बार मुझसे कह रहे हैं कि आपने देश के इंडिपेंडेंस पर किए गए कटाक्ष पर कोई टिप्पणी नहीं दी। क्यों ?? तो मैं बताऊं, दे चुका हूं। पर शायद पढ़ा नहीं गया। तो सोचा पब्लिकली ही कह दूं। मेरे हिसाब से ये स्टेट्मेंट बचकाना था। हास्यास्पद था, चापलूसी से प्रेरित था।अज्ञानता दर्शाता था या पद्म अवार्ड का साइड इफेक्ट था। मैं नहीं जानता, पर सब ये जानते हैं और मानते भी हैं कि हमारा देश आज़ाद 1947 की 15 अगस्त को ही हुआ था। इसको अलग जामा पहनाने की कोशिश करना भी किसी के लिए मूर्खता से कम नहीं होगा।

एक्ट्रेस को कहा अज्ञानी

महाभारत के भिष्म पितामाह ने आगे कहा,’ पर यहां मैं ये खुलासा भी करना चाहूंगा कि ये कहना या गाना कि.. दे दी हमें आज़ादी बिना खड़ग बिना ढाल, साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल.. भी वास्तविकता से उतना ही दूर है जितना ऊपर वाला स्टेटमेंट है। हकीकत ये है कि अंग्रेजी हुकूमत के मन में अगर किसी ने भागने का खौफ पैदा किया तो वो था देश के असंख्य क्रांतिकारियों का बलिदान, सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज का डर और अपने ही सैनिकों की बगावत। तो कृपया ऐसे विवादित बयान ना दें।

वीर दास पर भी भड़के थे मुकेश खन्ना

बता दें कि इससे पहले मुकेश खन्ना वीर दास के दो भारत वाले बयान पर भी गुस्सा जाहिर किया था। उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि जितनी तालियां वीर दास को मिलीं, उतने ही कोड़े हमारे देशवासियों की तरफ से उसे मिलने चाहिए। मुकेश खन्ना ने आगे कहा, ‘ये वीरदास क्या प्रूव करना चाहता है कि उसमें इतनी हिम्मत है कि पूरे देश के खिलाफ बोल सकता है। और वह भी विदेशी धरती के हॉल में अपने देश का नाम बर्बाद और यहां की बुराई कर रहे हो?’

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *