08 June, 2026 (Monday)

लखनऊ दौरे पर आएंगे बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सात व आठ अगस्त को यूपी दौरे पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान वह 7 अगस्त को लखनऊ में सरकार व संगठन को चुनावी एजेंडा सौंपने के बाद 8 अगस्त को आगरा में चुनावी बिगुल बजाएंगे। अवध से लेकर ब्रज तक चुनावी रणनीति तैयार करेंगे।

नड्डा शनिवार को लखनऊ पहुंचेंगे। लखनऊ में होने वाले कार्यक्रमों के लिए प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य, गोविंद नारायण शुक्ला और जेपीएस राठौर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हीरो बाजपेयी ने बताया कि नड्डा के लखनऊ पहुंचने पर एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक कई जगहों पर उनका स्वागत किया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर ने बताया, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सात अगस्त को राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। इसके बाद वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पार्टी द्वारा आयोजित प्रदेश के नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष यहीं पर पार्टी के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों की बैठक को भी संबोधित कर आवश्यक मार्गदर्शन करेंगे।

इसके बाद भाजपा मुख्यालय में संगठनात्मक बैठकों में उपस्थित पदाधिकारियों व अन्य प्रमुख नेताओं का मार्गदर्शन करेंगे।

उन्होंने बताया, नड्डा आठ अगस्त की सुबह राजधानी लखनऊ से आगरा के लिए प्रस्थान करेंगे। आगरा में पार्टी द्वारा आयोजित चिकित्सक (कोरोना वारियर्स) के सम्मेलन को संबोधित करेंगें साथ ही पार्टी द्वारा आयोजित विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष आगरा से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *