Iran US War live updates: तेहरान में भीषण बमबारी, रिहायशी इमारत पर हुए हमले में 13 लोगों की मौत, शरीफ यूनिवर्सिटी को बनाया निशाना
Iran US War live updates: तेहरान में भीषण बमबारी, रिहायशी इमारत पर हुए हमले में 13 लोगों की मौत, शरीफ यूनिवर्सिटी को बनाया निशाना
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से दी गई समय-सीमा खत्म होने का वक्त जैसे-जैसे करीब आ रहा है, अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमले तेज कर दिए। राजधानी तेहरान के दक्षिण-पश्चिम में स्थित एक शहर की एक रिहायशी इमारत पर हुए हवाई हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। ईरानी मीडिया ने यह जानकारी दी।
तेहरान में शरीफ यूनिवर्सिटी पर को भी निशाना बनाया गया। ईरानी मीडिया ने इन हमलों और वहां इमारतों को हुए नुकसान की जानकारी दी, साथ ही परिसर के पास स्थित प्राकृतिक गैस वितरण केंद्र पर भी असर पड़ने की बात कही। इस यूनिवर्सिटी पर वर्षों से कई देशों ने प्रतिबंध लगा रखे हैं क्योंकि इसका सैन्य कार्यों, खासकर ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम से संबंध रहा है। यह मिसाइल कार्यक्रम अर्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड के नियंत्रण में है। रिवोल्यूशनरी गार्ड और अन्य सुरक्षा बल अपने ठिकानों पर लगातार हमलों के कारण वैकल्पिक स्थानों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
ईरान में रात भर धमाकों की आवाजें गूंजती रहीं। कम ऊंचाई पर उड़ते लड़ाकू विमानों की आवाज भी कई घंटों तक सुनाई देती रही। इस बीच, सरकारी समाचार पत्र ‘ईरान’ ने एक ऑनलाइन खबर में बताया कि दक्षिण तेहरान में स्थित शहर कोम के एक रिहायशी इलाके में हुए हवाई हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि कोम में हुए हमले में किस चीज को निशाना बनाया गया है।
