नवाचार से निजी विद्यालयों से बेहतर साबित हो रहे परिषदीय विद्यालय : प्रेमचंद मिशन प्रेरणा के तहत आयोजित हुआ टीएलएम मेला व शिक्षा चौपाल
(कुशीनगर )। बेसिक शिक्षा विभाग के निर्देश पर मिशन प्रेरणा के तहत तमकुही विकास खंड के ग्राम पंचायत बरवाराजापाकड़ के प्राथमिक विद्यालय राजापाकड़ परिसर में टीएलएम मेला व शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। टीएलएम मेला का शुभारंभ भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्र ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी स्टाल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा ऐसी हो जहां बच्चा खेल-खेल में सीख ले। शिक्षण अधिगम सामग्री की सहायता से पढ़ाया गया पाठ बच्चों को आसानी से समझ में आता है। टीएलएम शिक्षकों की दक्षता व परिश्रम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा में निखार आता है। इन माडलों के जरिए बच्चों को खेल खेल में शिक्षापरक जानकारी दी जाती है।नवाचार के चलते परिषदीय विद्यालय अब निजी विद्यालयों से बेहतर साबित हो रहे हैं। बीइओ अजय कुमार तिवारी ने कहा कि मिशन प्रेरणा के तहत टीएलएम मेला व शिक्षा चौपाल में शिक्षकों ने उत्साह, लगन व निष्ठा से प्रतिभाग किया है शीघ्र ही तमकुही प्रेरक ब्लाक बनेगा। प्राथमिक विद्यालय राजापाकड़ के शिक्षकों द्वारा निर्मित टीएलएम को प्रथम स्थान व सपही खास को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। इस अवसर पर प्राशिसं अध्यक्ष शंभू यादव, मंत्री देवेंद्र ओझा, जूशिसंअध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा, मंत्री अंजनी सिंह पटेल, अटेवा अध्यक्ष अजय सिंह, आयोजक सुजीत कुमार, दिलीप गुप्ता, सोनी पासवान, राजेश श्रीवास्तव, गिरिजेश सिंह, सुमन पासवान, नीलिमा राय आदि मौजूद रहे।
