अगर पास नहीं किया फिटनेस टेस्ट तो कटेगी खिलाड़ियों की सैलरी, चयनकर्ता ने की घोषणा
श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने खिलाड़ियों के लिए एक ठोस और पर्याप्त फिटनेस टेस्ट अपनाकर स्वास्थ्य और फिटनेस की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। इससे पहले फरवरी 2021 में श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने सभी राष्ट्रीय खिलाड़ियों के फिटनेस स्तर की जांच करने के लिए पुराने यो-यो टेस्ट की जगह ‘2 किलोमीटर रन फिटनेस टेस्ट’ अपनाया था। इसी फिटनेस टेस्ट के आधार पर खिलाड़ियों का सलेक्शन होना है।
2 किलोमीटर की दौड़ श्रीलंका के खिलाड़ियों को पहले 8 मिनट और 35 सेकेंड में पूरी करनी थी, लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 8 मिनट 55 सेकेंड कर दिया गया। वहीं, अब श्रीलंका क्रिकेट ने इसे घटाकर 8 मिनट 10 सेकेंड कर दिया है। इस फिटनेस टेस्ट की समय अवधि को कम करने के पीछे बोर्ड का मकसद है कि खिलाड़ी अपनी फिटनेस पर कड़ी मेहनत करें। श्रीलंकाई की टीम ने पिछले कुछ वर्षों में काफी संघर्ष किया है।
हालांकि, हैरान करने वाली बात ये है कि जो खिलाड़ी इस टेस्ट को पास नहीं कर पाएगा, उसकी सैलरी काटी जाएगी। श्रीलंका की टीम के चयनकर्ताओं के अध्यक्ष प्रमोद विक्रमसिंघे का मानना है कि खिलाड़ियों को अपनी फिटनेस पर बहुत मेहनत करनी चाहिए,जो सफलता हासिल करने में मदद करेगी। यह सुनिश्चित करने के लिए कि खिलाड़ी फिटनेस को लेकर गंभीर हैं, इस वजह से SLC खिलाड़ियों के वेतन का एक निश्चित प्रतिशत भाग काटेगा, यदि वे दिए गए 8 मिनट और 10 सेकंड के बेंचमार्क के तहत फिटनेस टेस्ट पूरा करने में विफल रहते हैं।
चयनकर्ता प्रमोद विक्रमसिंघे ने संडे टाइम्स को बताया, “अगर कोई खिलाड़ी फरवरी 2021 में 8.35 मिनट में 2 किमी दौड़ा है, तो उसे अब 8.10 मिनट से कम समय में ऐसा करने में सक्षम होना चाहिए। हम चाहते हैं कि खिलाड़ी वास्तव में अपनी फिटनेस पर कड़ी मेहनत करें और हम फिटनेस में चूक को बर्दाश्त नहीं करेंगे।” खिलाड़ियों के चार फिटनेस टेस्ट में से पहला 7 जनवरी 2022 को होगा। सभी अनुबंधित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम चयन के लिए पात्र होने के लिए टेस्ट देना होगा।
