हरमनप्रीत कौर का टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद बाद टूटा दिल, अपनी टीम के खेलने के तरीके पर उठाए सवाल
ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद टीम इंडिया वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गई। इस हार के बाद हरमनप्रीत कौर ने बड़ी टीमों के खिलाफ अपने प्लेयर्स के खेलने के तरीकों पर सवाल उठाए हैं।
ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया को अपने आखिरी ग्रुप स्टेज मैच में ऑस्ट्रेलिया से 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। इसके साथ ही भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गई है। इस हार के बाद जाहिर तौर पर टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर खुश नजर नहीं आई। उन्होंने मैच के बाद बताया कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया को क्यों हार का सामना करना पड़ा है। इसके साथ ही उन्होंने इस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के प्रदर्शन को लेकर भी बात की।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार को लेकर हरमनप्रीत ने क्या कहा?
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में हरमनप्रीत ने कहा कि दिन के अंत में, हमने बोर्ड पर एक अच्छा स्कोर खड़ा कर लिया था। जब मैं बल्लेबाजी कर रही थी, तब बीच में मुझे लगा कि हमारे रन थोड़े कम रह गए हैं, लेकिन आखिरी के कुछ ओवरों में तेज गति से रन बनाकर हम अच्छे स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रहे। यह एक अच्छा मैच था, लेकिन दुर्भाग्य से हम जीत नहीं सके। हमसे जो कैच छूटे, वे हमें भारी पड़े, फिर भी मुझे लगता है कि आज हम मैच में बने हुए थे।
बड़ी टीमों के खिलाफ हम अपने स्टैंडर्ड के मुताबिक नहीं खेले- हरमनप्रीत कौर
इस पूरे टूर्नामेंट में टीम इंडिया के प्रदर्शन को लेकर हरमनप्रीत ने कहा कि अगर मैं पूरे टूर्नामेंट के बारे में सोचूं, तो हमने अच्छी टीमों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। सबसे बेहतरीन टीमों के सामने हमेशा आपका बेस्ट खेल बाहर आना चाहिए। मुझे लगता है कि हमें इस पर फिर से विचार करने की जरूरत है। वे सबसे अच्छे खिलाड़ियों में से हैं और उन्होंने अपने प्लान के हिसाब से ही गेंदबाजी की। हमने विकेट तो नहीं गंवाए, लेकिन साथ ही हमें वह रन गति भी नहीं मिली जिसकी हम उम्मीद कर रहे थे। हमने अपने स्टैंडर्ड के मुताबिक नहीं खेले। उन्होंने अपनी टीम के खेलने के तरीके पर सवाल उठाए हैं।
कप्तान ने कहा अब टीम को सुधार करने की जरूरत
भारतीय कप्तान ने आगे कहा कि एक टीम के तौर पर हमें कई चीजों पर फिर से विचार करना होगा, खासकर यह कि मजबूत टीमों के खिलाफ कैसे खेलें। कई बार हम मैच में अच्छी स्थिति में होते हैं, लेकिन आखिरी ओवरों में बहुत ज्यादा रन लुटा देते हैं। दूसरी तरफ, जब हमें रनों का पीछा करना होता है, तो हमारी बल्लेबाजी वैसी नहीं चल पाती। मुझे लगता है कि यह काफी समय से चल रहा है और अब हमें इसे सुधारना ही होगा।
