पूर्व की सरकार मे भाई भतीजावाद का विकास था,आज गरीबों का हो रहा है विकास सीएम जिले में पीएम आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों में वितरित किया गया चाबी।
कुशीनगर। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रदेश भर में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के 5 लाख 51 हजार लाभार्थियों के आवासों का गृह प्रवेश एवं चाबी वितरण कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा संपन्न हुआ। इन आवासों की कुल लागत 6637.72 करोड़ रुपए है। इसी क्रम में कुशीनगर के मुसहर बस्ती, मठिया माफी, दुदही से श्रीमती संगीता देवी को मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत मुख्यमंत्री द्वारा चाबी प्रदान की गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने श्रीमती संगीता देवी का कुशलक्षेम पूछते हुए उनको चाबी वितरित की तथा बधाई दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना हर गरीब का घर हो अपना यह प्रदेश के गरीबों के लिए पूरा होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि पहले विकास भाई भतीजावाद पर आधारित था, आज विकास गरीबों पर आधारित है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 70 प्रतिशत लाभार्थी महिलाएं हैं, यह एक विजन है जिससे परिवार को और स्वयं को आत्मनिर्भर बनाने का एक मौका मिलता है। उन्होंने आगे कहा कि लाभार्थियों को आवास मिलने के साथ-साथ अन्य सरकारी योजनाओं का भी लाभ प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने लखीमपुर खीरी के न्यू लंदनपुर ग्रांट गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि स्मार्ट विलेज की परिकल्पना साकार होती दिखाई दे रही है। आगे उन्होंने कहा कि सरकार और समाज जब मिलेंगे तो विकास कई गुना आगे बढ़ेगा। आवास के लाभार्थियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि आवास परिसर में गाय पाले और गोबर गैस प्लांट लगाने की बात कहे। जिससे गोवंश को आस्था के साथ साथ ऊर्जा से भी जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि आवास योजना के लाभ में पहले कटौती की जाती थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से पैसा सीधे गरीबों के बैंक अकाउंट में जा रहा है। उन्होनें महिलाओं को महिला स्वयंसेवी समूह के साथ जोड़ने की बात की। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग प्रकार के उत्पादों के संदर्भ में अच्छे कार्यों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इससे ग्राम स्वराज व आत्मनिर्भर गांव की परिकल्पना को साकार करने में मदद मिलेगी। यह कार्यक्रम कुशीनगर के एन0आई0सी0 वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम से जिलाधिकारी एस0 राजलिंगम, मुख्य विकास अधिकारी अनुज मलिक, डीसी मनरेगा राकेश ने कुशीनगर के 15 लाभार्थियों को आवास की चाबी वितरित किया गया। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सभी महिला लाभार्थियों को महिला स्वयंसेवी समूह के साथ जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया तथा महिला स्वयंसेवी समूह द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों को मुख्य विकास अधिकारी अनुज मालिक द्वारा जिलाधिकारी को दिखाया, जिसकी एक ब्रांडिंग भी है जिसे कुशीनारा नाम दिया गया है। इस ब्रांड के तहत जनपद कुशीनगर में हल्दी पाउडर, गरम मसाला, बेसन, चप्पल, अगरबत्ती, जूट बैग, आफिस फाइल, फिनाइल इन सब उत्पादों का निर्माण किया जाता है।
जिलाधिकारी ने उत्पादों का निरीक्षण करते हुए उत्पादों की गुणवत्ता की प्रशंसा की तथा सभी महिला लाभार्थियों को महिला स्वयंसेवी समूह से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि आप भी अपना एक समूह बनाएं आपको फंड मिलेगा, रोजगार मिलेगा व बाजार मिलेगा आपके उत्पादों को बेचने के लिए। उन्होनें इन उत्पादों के व्यापक प्रचार प्रसार को भी निर्देशित किया। यह कार्यक्रम जिले के समस्त विकास खंडो में आयोजित किया गया था जिसमे विकास खंड मोतीचक के सभागार में ब्लॉक प्रमुख अर्चना सिंह द्वारा 100 लाभार्थियों में चाबी वितरण किया गया।
