07 June, 2026 (Sunday)

राजौरी में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, चार आतंकियों की मौजूदगी की खबर

जम्मू कश्मीर में राजौरी जिले के थानामंडी इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है. जानकारी के मुताबिक, वन क्षेत्र में 3 से 4 आतंकी मौजूद हैं और दोनों तरफ से फायरिंग हो रही है. आतंकियों की हर एक गोली का सुरक्षाबल मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं. इसी इलाके में छह अगस्त को पुलिस ने दो आतंकियों को मार गिराया था.

राजौरी में 6 अगस्त को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई थी. अधिकारियों ने बताया था कि खुफिया जानकारी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने जिले के थानामंडी वन क्षेत्र में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था. सुरक्षाबलों के आतंकवादियों तक पहुंचने के बाद मुठभेड़ शुरू हुई थी.

इस महीने हुईं मुठभेड़ की कई घटनाएं

वहीं, 12 अगस्त को कुलगाम जिले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के काफिले पर गोलीबारी के बाद आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हो गई थी, जिसमें एक सुरक्षाकर्मी सहित तीन लोग घायल हो गए थे. अधिकारियों ने बताया था कि बीएसएफ के काफिले पर जिस समय हमला हुआ था उस वक्त वह काफिला जम्मू से श्रीनगर जा रहा था. उन्होंने बताया था कि आतंकवादियों ने कुलगाम जिले में काजीगुंड क्षेत्र के मालपोरा में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीएसएफ के काफिले पर गोलीबारी की थी.

पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा था कि शुरुआती हमले में कोई घायल नहीं हुआ और बाद में आतंकवादियों को घेर लिया गया. पुलिस ने कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार के हवाले से बताया था कि आतंकवादियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुलगाम में बीएसएफ काफिले पर गोलीबारी की थी.

इससे पहले, 3 अगस्त को जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा के चंदाजी इलाके ( Chandaji area of Bandipora) में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई थी. इस मुठभेड़ में एक आतंकवादी के मारे जाने की खबर सामने आई थी. कश्मीर जोन पुलिस और सुरक्षा बलों ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया था.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *