06 June, 2026 (Saturday)

देश में महिलाओं पर अपराध में लखनऊ चौथे नंबर पर, जान‍िए अन्‍य शहरों की स्‍थ‍िति

महिला सुरक्षा को लेकर देश भर में मुहिम चल रही है। यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मिशन शक्ति अभियान का तीसरा चरण जारी है। इन सबके बावजूद महिलाएं अभी पूरी तरह से सुरक्षित नहीं हैं। नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) ने आंकड़ा जारी किया है। इसमें 19 महानगरों की तुलनात्मक रिपोर्ट है। रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2020 में महिला अपराध के मामलों में दिल्ली 9782 मामलों के साथ नंबर एक पर है। वहीं, 4583 मामलों के साथ मुंबई दूसरे और 2730 मामलों के साथ बेंगलुरु तीसरे स्थान पर है, जबकि लखनऊ चौथे स्थान पर है। लखनऊ में 2636 मामले दर्ज किए गए थे।

वर्ष 2019 की अपेक्षा लखनऊ में महिला अपराध में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यही नहीं महिलाओं पर हो रहे हमलों के मामले में वर्ष 2020 में लखनऊ पांचवे नंबर पर रहा, जबकि दिल्ली पहले और मुंबई दूसरे नंबर पर है। कुल 19 महानगरों में महिलाओं पर हमले की 3470 घटनाएं हुईं, जिनमें 3482 पीड़िताएं शामिल हैं। खास बात ये है कि लखनऊ में हमले के दौरान यौन शोषण के मामले शून्य हैं। यही नहीं महिलाओं से दफ्तर में भी यौन शोषण की शिकायतें नहीं मिली हैं।

वहीं महिलाओं की गुमशुदगी व अपहरण के 599 प्रकरण के साथ लखनऊ तीसरे स्थान पर है। इस मामले में भी दिल्ली पहले और मुंबई दूसरे नंबर पर है। वहीं, लखनऊ में नाबालिग को शादी के लिए बहला फुसलाकर भगा ले जाने के 54 मामले दर्ज किए गए। खास बात ये है कि गाजियाबाद में सबसे ज्यादा 63 और पटना में 61 केस सामने आए। अन्य शहरों में इसका आंकड़ा बेहद कम रहा। उधर, एनसीआरबी की रिपोर्ट में सार्वजनिक परिवहन के दौरान लगभग सभी महानगरों में महिलाओं से मारपीट के मामलों में गिरावट दर्ज की गई है।

महिलाओं के साथ साइबर क्राइम में लखनऊ दूसरे नंबर पर : एनसीआरबी की रिपोर्ट के मुताबिक महिलाओं को केंद्रित कर साइबर क्राइम के 63 मामलों के साथ बैंगलुरु सबसे आगे रहा। वहीं दूसरे नंबर पर लखनऊ है, जहां कुल 45 मामले दर्ज किए गए, जबकि दिल्ली में सिर्फ 13 मामले प्रकाश में आए।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *