06 June, 2026 (Saturday)

‘देश के खिलाफ झूठी खबरें फैलाने व साजिश करने वाली वेबसाइटों व चैनलों को किया जाएगा ब्लाक’

भारत के खिलाफ फर्जी खबरें व अफवाह फैलाने वाले 20 यूट्यूब चैनलों व दो वेबसाइटों को बंद किए जाने के बाद अब सूचना व प्रसारण मंत्री (IB Minister) अनुराग ठाकुर ने बुधवार को चेताया कि देश के खिलाफ साजिश करने वालों पर इस तरह की कार्रवाई जारी रखेगी।

बीस यूट्यूब चैनल व दो वेबसाइट ब्लाक 

सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने भारत के खिलाफ साजिश करने या अफवाह और झूठ फैलाने वाली वेबसाइट, यूट्यूब चैनल को ब्लाक करने की चेतावनी दी है। सूचना-प्रसारण मंत्री ने यह बात प्रेस कांफ्रेंस में कही। उन्होंने कहा कि भारत विरोधी कंटेंट फैलाने और साजिश रचने वाले वेबसाइटों व चैनलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले साल 2020 में केंद्र सरकार ने भारत के खिलाफ प्रोपेगंडा चलाने वाले 20 यूट्यूब चैनल व दो वेबसाइट को ब्लाक कर दिया था।

सूचना प्रसारण मंत्री की चेतावनी- 

प्रेस कांफ्रेंस में मंत्री ने कहा, ‘मैंने उनके खिलाफ कार्रवाई के आदेश दे दिए थे। मुझे खुशी है कि दुनिया के कई बड़े देशों ने इस फैसले की सराहना की है। यूट्यूब ने भी आगे बढ़कर ऐसे चैनलों को ब्लाक करने में सहायता की।’ उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी यदि किसी वेबसाइट या चैनल से झूठ फैलाने का काम किया जाता है या समाज को बांटने की कोशिश होती है, तो उन पर कार्रवाई जारी रहेगी।

खुफिया एजेंसियों की सहायता के साथ सूचना व प्रसारण मंत्रालय ने पिछले साल दिसंबर में भारत के खिलाफ झूठी खबरें व साजिश करने वाली 20 यूट्यूब चैनलों व दो वेबसाइटों को बंद करने का आदेश दिया था।

बता दें कि जिन वेबसाइट्स और चैनल्स पर रोक लगाई गई थी वे भारत में कश्मीर, भारतीय सेना, जनरल बिपिन रावत, राम मंदिर और अल्पसंख्यक समुदायों के विषय में झूठी खबरें चला रहे थे। केंद्र सरकार ने कार्रवाई के साथ ही इन चैनल्स की एक लिस्ट भी प्रकाशित की थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *