क्लस्टर विश्वविद्यालय के चार कालेजों में दाखिले के लिए लगी कतारें, 21000 ने किया आवेदन
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में नए डिग्री कालेज तो खुले है लेकिन जम्मू शहर के कालेजों में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों की भीड़ उमड़ रही है। क्लस्टर विश्वविद्यालय जम्मू के अधीन आने वाले जम्मू शहर के साइंस कालेज, मौलाना आजाद मेमोरियल कालेज, कामर्स कालेज और महिला कालेज गांधी नगर में 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इन चार कालेजों में छह हजार के करीब सीटें हैं। इससे साफ हो गया है कि तीन गुना को दाखिला नहीं मिलेग।
फाइनल मेरिट रैंक लिस्ट जारी कर दी गई है। अब 9 सितंबर से सभी सामान्य कोर्स के लिए और 13 सितंबर से आनर्स कोर्स के लिए दाखिले होंगे। क्लस्टर विश्वविद्यालय की आर्टस की फाइनल रैंक लिस्ट में 11131 विद्यार्थी शामिल हैं। साइंस और बीसीए की फाइनल रैंक लिस्ट में 6321 विद्यार्थी शामिल हैं। कामर्स की फाइनल रैंक लिस्ट में 4347 विद्यार्थी शामिल हैं।
वहीं क्लस्टर विश्वविद्यालय के पोस्ट ग्रेजुएट व आनर्स कोर्स में 2821 विद्यार्थी शामिल हैं। इन चार कालेजों को छोड़ कर जम्मू संभाग के समर व विंटर जोन के सभी कालेज जम्मू विश्वविद्यालय के अधीन है। दो साल पहले जम्मू शहर में चार नए डिग्री कालेज खोले गए इनमें भगवती नगर, नगरोटा, कुंजवानी और सिद्धड़ा शामिल हैं। इन कालेजों में आर्टस व कामर्स स्ट्रीम के सीमित कंबिनेशन उपलब्ध है।
जम्मू शहर के आसपास के इलाकों में विद्यार्थियों की कोशिश होती है कि शहर के चार चुनिंदा कालेजों में ही दाखिला मिल जाए क्योंकि यह चार कालेजों स्थापित कालेज हैं, पढ़ाई का पर्याप्त ढांचा उपलब्ध है। अधिक कंबिनेशन उपलब्ध है। नए कालेजों में ढांचे की कमी है। जिस तरह से 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किया है उससे यह साफ हो गया है कि तीन गुणा से अधिक को दाखिला नहीं मिलेगा।
साइंस कालेज के प्रिंसिपल जो जम्मू संभाग के डिग्री कालेजों के नोडल अधिकारी भी हैं, का कहना है कि 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किया लेकिन सीटें तो छह हजार के करीब है। ऐसे में संभव ही नहीं है कि सब को दाखिला मिलेगा। नए कालेजों में विद्यार्थियों को जाना चाहिए।
