चीनी घुसपैठ रोकने के लिए ताइवान ने तैनात कीं मिसाइलें, बीजिंग ने धमकाने के लिए इस माह भेजे 12 बार लड़ाकू विमान
चीनी सेना के लड़ाकू विमानों के बढ़ते घुसपैठ को रोकने के लिए ताइवान अपनी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में जुट गया है। इसी प्रयास में उसने अपने हवाई रक्षा को मजबूत करने के लिए मिसाइलें तैनात करने के साथ ही सैन्य अभ्यास भी तेज कर दिए हैं। पैट्रियट और एवेंजर जैसी अमेरिकी मिसाइलें तैनात की जा रही हैं। बता दें कि चीन इस द्वीपीय क्षेत्र को अपना मानता है और इस पर कब्जे के लिए बल प्रयोग तक की धमकी दे चुका है। वह ताइवान को धमकाने के लिए इस माह अब तक 12 बार लड़ाकू विमानों को भेजा चुका है।
ताइवान न्यूज की खबर के अनुसार, गत एक मार्च से नियमित रूप से सैन्य अभ्यास किए जा रहे हैं। ताइवान के उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्रों की सड़कों पर सैन्य वाहनों और उपकरणों की आवाजाही देखी जा रही है। इस तरह के अभ्यास का मकसद यह प्रदर्शित करना है कि ताइवानी सशस्त्र बल दुश्मन के हवाई हमले को नाकाम करने में पूरी तरह सक्षम हैं। पैट्रियट मिसाइलों से लैस मोबाइल यूनिट्स को एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाया जा रहा है। जबकि सेना सतह से हवा में मार करने वाली एवेंजर मिसाइलें रात के समय ले जा रही है।
गत 24 मार्च को दो चीनी लड़ाकू विमानों ने ताइवान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया था। इस माह यह इस तरह की 12वीं घटना थी। चीनी विमानों को खदेड़ने के लिए ताइवान अपने लड़ाकू विमानों को रवाना करता है।
