08 June, 2026 (Monday)

Budget Session: मोदी सरकार को इन मुद्दों पर घेरेगी कांग्रेस, सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई बैठक

विपक्षी पार्टी कांग्रेस बजट सत्र के दौरान मोदी सरकार को घेरने की तैयारी में है। इसी को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की वर्चुअल बैठक हुई।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कांग्रेस कोरोना वायरस बीमारी के पीड़ितों को राहत पैकेज, एयर इंडिया का विनिवेश, महंगाई, चीन के साथ सीमा विवाद और किसानों की चिंताओं जैसे मुद्दों को आगामी बजट सत्र के दौरान उठाएगी। बैठक में ये भी तय हुआ कि कांग्रेस इन मुद्दों पर समान विचारधारा वाले दलों के साथ समन्वय करेगी। इस फैसले का सोनिया गांधी ने समर्थन किया था।

ये नेता हुए शामिल

कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई बैठक में एके एंटनी, केसी वेणुगोपाल, मल्लिकार्जुन खड़गे, अधीर रंजन चौधरी, आनंद शर्मा, गौरव गोगोई, के सुरेश, जयराम रमेश, मनिकम टैगोर और मनीष तिवारी ने भाग लिया।

1 फरवरी को पेश होगा बजट

बता दें कि राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द 31 जनवरी को दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे। 1 फरवरी को केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा। बजट सत्र का पहला भाग 31 जनवरी से शुरू होकर 11 फरवरी तक चलेगा। बजट सत्र का दूसरा भाग 14 मार्च से 8 अप्रैल तक चलेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *